इंदौर। प्रदेश में लगातार कोरोना के केस बढ़ने से प्रशासन सख्ती में दिख रहा है। इसको लेकर सीएम शिवराज सिंह प्रदेशभर के अधिकारियों से लगातार मीटिंग कर रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को सीएम शिवराज सिंह ने जिला कलेक्टर मनीष सिंह सहित जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक की है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा आयोजित इस बैठक में सांसद शंकर लालवानी, कृष्ण मुरारी मोघे, तुलसी सिलावट, उषा ठाकुर, महेंद्र हार्डिया, मालिनी गौड़, मधु वर्मा और आकाश विजयवर्गीय मौजूद रहे। सीएम शिवराज सिंह ने इंदौर में शुक्रवार तक लॉकडाउन लगाने के आदेश जारी कर दिए हैं। बता दें कि वर्तमान में प्रदेशभर के नगरीय क्षेत्र में लॉकडाउन लगाया गया है। यह लॉकडाउन सोमवार सुबह 6 बजे तक लागू रहेगा। वहीं शुक्रवार को रिकॉर्ड 4882 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। इन नए मरीजों के साथ अब तक कोरोना से 3,27,220 लोग संक्रमित हो चुके हैं।
इन आंकड़ों में खास बात यह है कि अप्रैल महीने में 2, 2,777 लोग कोरोना से संक्रमित हुए हैं। शुक्रवार को मिलने वाले संक्रमित मरीजों का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। इससे पहले पिछले साल 18 सितंबर को एक दिन में 2552 नए संक्रमित मरीज मिले थे। इसके बाद से मरीजों की संख्या में लगातार कमी आई थी।
2 अप्रैल से लगातार बढ़ रही मरीजों की संख्या…
अब इस महीने 2 अप्रैल से लगातार मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को 4882 नए मरीज सामने आए हैं। यह अब तक की एक दिन में मिलने वाले मरीजों की सबसे ज्यादा संख्या है। इससे पहले बीते बुधवार को 4,043 और गुरुवार को 40423 नए मामले सामने आए थे। शुक्रवार लगातार 15वां दिन है जब 2 हजार से ज्यादा मरीज सामने आए हैं। ध्यान देने वाली बात यह भी है कि पॉजिटिविटी रेट भी काफी बढ़ा है। अब यह रेट 13 प्रतिशत तक पहुंच चुका है।
इस रेट के हिसाब से 100 सैंपल में से 13 लोग संक्रमित निकल रहे हैं। नए केस के अलावा शुक्रवार को 23 लोगों की मौत भी हुई है। इसके बाद प्रदेश में कोरोना संक्रमण से मरने वालों का आंकड़ा 4,136 तक पहुंच गया है। शुक्रवार को प्रदेश के सभी 52 जिलों में नए केस मिले हैं। वहीं 49 जिलों में दोहरी संख्या में मरीज सामने आ रहे हैं। साथ ही शुक्रवार को प्रदेशभर में 2433 लोग कोरोना संक्रमण को हराकर अस्पतालों से डिस्चार्ज भी किए गए हैं। मरीजों के ठीक होने की संख्या भी अब प्रदेश में 292598 पहुंच गई है। शुक्रवार तक प्रदेश में एक्टिव संक्रमित मरीजों की संख्या 30,486 है।