भोपाल। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं। भाजपा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर कई बार तंज कसते रहते हैं। अब एक बार फिर दिग्विजय ने सिंधिया को लेकर विवादित बयान दिया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि सिंधिया कांग्रेस में जब तक थे तो महाराज थे। अब भाजपा ने उन्हें एक साल में महाराज से भाईसाहब बना दिया है। दिग्विजय सिंह ने कहा कि सिंधिया कांग्रेस में सम्मान पाते थे। महाराज कहे जाते थे। अब वह भाजपा में भाईसाहब बन कर रह गए हैं।
जब राज्यसभा में हुआ सामना…
सिंह ने आगे कहा कि वह राज्यसभा में मोदी की तारीफ कर रहे थे। इसी के बाद जब मेरी बारी आई तो मैंने कहा कि आप धन्य हैं महाराज। आप जितने अच्छे ढंग से पहले कांग्रेस का समर्थन करते थे, उतना ही आज भाजपा का कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह गोहद के नया बस स्टैंड मैदान में गुरुवार को आमसभा में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने सिंधिया पर जमकर हमला बोला। इस कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं लहार विधायक डॉ गोविंद सिंह, गोहद विधायक मेवाराम जाटव सहित वरिष्ठ कांग्रेसी भी मौजूद रहे। दरअसल गोहद गोहद के बेसली बांध में पानी को लेकर कांग्रेस नेता देवाशीष जरारिया, शैलेंद्र दशरथ सिंह गुर्जर अपने समर्थकों के साथ आंदोलन कर रहे थे। इसी कार्यक्रम में शामिल होने दिग्विजय सिंह पहुंचे थे। इस सभा में दिग्विजय सिंह ने नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह पर भी जमकर हमला बोला। बता दें कि कांग्रेस नेता सिंधिया को लेकर लगातार बयानबाजी कर रहे हैं।