भोपाल: लॉकडाउन के बाद लगभग सभी सरकारी ऑफिसों में सीमित कर्मचारियों को ऑफिस बुलाया जा रहा था। लेकिन अब सात महीने बाद सभी अधिकारी-कर्मचारियों को ऑफिस जाना होगा। लेकिन सभी को कुछ गाइडलाइन्स का पालन करना होगा।
प्रदेश शासन ने बुधवार देर रात भारत सरकार के अनलॉक-5 ( Unlock 5) के निर्णय को ध्यान में रखते हुए सरकारी कर्मचारियों को पूरी क्षमता से ऑफिस में अपनी उपस्थिति के निर्देश जारी किए हैं। इसे तत्काल प्रभाव से लागू करा दिया गया है।
साथ बैठकर नहीं कर पाएंगे चाय-नाश्ता
वहीं सरकार ने अब कर्मचारियों-अधिकारियों के लिए नई गाइडलाइंस भी बनाई है जिसमें मुख्य तौर पर कार्यालय में काम के दौरान ना तो एक दूसरे से हाथ मिला पाएंगे और ना ही साथ बैठकर चाय-नाश्ता कर सकेंगे।
अभी तक आ रहे थे 50 फीसदी कर्मचारी
अब तक ऑफिस में 50 फीसदी कर्मचारियों को बारी-बारी बुलाया जा रहा था। विभिन्न विभागों द्वारा लगातार कार्यालय में कार्य क्षमता में वृद्धि की जरूरत बताई जा रही थी। इसलिए अब अधिकारियों के ही समान सभी कर्मचारियों को भी ऑफिस में उपस्थित होना होगा। बता दें कि मध्यप्रदेश में करीब साढ़े चार लाख कर्मचारी हैं, इन सभी पर इस आदेश का असर पढेगा।
इसका नियमों का पालन करना होगा जरूरी
– अब ऑफिस जाने पर कर्मचारियों को मास्क पहनना अनिवार्य होगा।
– ऑफिस के अंदर सोशल डिस्टेंसिंग ( Social distancing ) का पालन करना जरुरी होगा।
– ऑफिस को लगातार सैनिटाइज किया जाना अनिवार्य रहेगा।
– कर्मचारी ऑफिस में एक दूसरे से हाथ नहीं मिला पाएंगे और ना ही एक साथ बैठकर खाना खा पाएंगे।
– लगातार साबुन से हाथ धोते रहना और हैंड सैनिटाइजर का उपयोग किया जाना अनिवार्य है।
– कोरोना संबंधी कोई भी लक्षण जैसे सर्दी, जुकाम, खांसी, बुखार, सांस और लेने में तकलीफ आदि होने पर तत्काल फीवर क्लीनिक में टेस्ट कराना अनिवार्य रहेगा।