भोपाल। कोलार स्थित डी मार्ट के पास आज एक दर्दनाक हादसा हो गया। डंपर ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी जिस कारण तीनों डंपर के नीचे आ गए। बताया जा रहा है कि बाइक पर दो महिला और एक पुरुष सवार थे। हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई जबकि एक और महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है।
महिला को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया। जानकारी मिलते ही कोलार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर हमीदिया अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने डंपर नंबर mp04 HD 6948 को जब्त कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई। हादसा सुबह करीब 4 बजे का बताया जा रहा है।
नगर निगम के सफाईकर्मी थे मृतक
कोलार पुलिस के मुताबिक नगर निगम के सफाईकर्मी बैरागढ़ चिचली निवासी गोविंद (40), लक्ष्मीबाई (40) और पिंकी ड्यूटी करने के बाद घर लौट रहे थे। वह कोलार में डी-मार्ट मॉल के पास पहुंचे तो पीछे से डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी और कुचलते हुए निकल गया। इससे गोविंद और लक्ष्मीबाई की मौके पर ही मौत हो गई है। वहीं पिंकी की हालत नाजुक है। उसे हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।