रीवा। प्रदेश के रीवा जिले में गुरुवार देर शाम एक भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या हो गई। आरोपियों ने घात लगाकर गोली मार दी और धारदार हथियार से हमला बोल दिया। इस हमले में भाजपा नेता की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। आरोपियों और भाजपा नेता के बीच 15 साल से जमीनी विवाद चल रहा था। दोनों एक ही परिवार के हैं। मामला रीवा जिले सोहागी थाना क्षेत्र में आने वाले नौड़िया गांव की है।
यहां रहने वाले सुरेंद्र तिवारी पुत्र रामनरेश तिवारी (45) गुरुवार को महाशिवरात्रि की पूजा कर देर शाम लौट रहे थे। घर से 100 मीटर दूर स्थित मंदिर में दर्शनों के लिए गए थे। तभी रास्ते में छिपे आरोपियों ने गोली चला दी। गोली लगने से सुरेंद्र जमीन पर गिर गए। तभी आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला बोल दिया। जब तक आस-पास के लोगों ने देखा तब तक आरोपी हमला करने के बाद मौके से फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोग सुरेंद्र को उपचार के लिए चाकघाट अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंचा पुलिसबल
हत्या के बाद गांव में तनाव की स्थिति है। मौके पर जिले के एसपी भी पहुंच गए हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी मृतक के परिवार के ही सदस्य हैं। दोनों परिवारों के बीच पिछले 15 सालों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। अभी तक आरोपी फरार चल रहे हैं। पुलिस ने बताया कि आरोपी उप्र भाग सकते हैं। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। पुलिस के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच जमीन को लेकर विवाद था। इसी जमीन के विवाद में एक बार आरोपी पक्ष के परिवार के सदस्य की भी मौत हो चुकी है। बता दें कि सुरेंद्र तिवारी भाजपा के ग्राम केंद्र प्रभारी थी। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।