ग्वालियर। प्रदेश में आए दिन सड़क दुर्घटनाओं की खबरें सामने आ रही हैं। हाल ही में बस पलटने से कई लोगों ने जान गंवाई थी। अब मंगलवार तड़के प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक ऑटो और बस की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भिड़ंत में 13 लोगों की मौत हो गई। ऑटो में 12 महिलाएं सवार थीं। इस टक्कर में 9 महिलाओं और ऑटो ड्राइवर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं तीन महिलाओं को अस्पताल में डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। सभी महिलाएं रात को आंगनबाड़ी में स्कूली बच्चों के लिए खाना बनाकर लौट रही थीं। यह हादसा आनंदपुर ट्रस्ट अस्पताल के पास हुआ है। ऑटो ग्वालियर से मुरैना रोड पर चमन पार्क की तरफ जा रहा था वहीं, बस मुरैना से ग्वालियर आ रही थी। सीएम शिवराज ने हादसे पर दुख जताया है। सीएम शिवराज सिंह ने ट्वीट करते हुए लिखा कि मैं और प्रदेश की जनता दुःख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ है। वे स्वयं को अकेला ना समझें। प्रदेश सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए सहायता राशि दी जायेगी। वहीं भाजपा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी हादसे पर दुख जताया है। हादसे में परिवहन विभाग की लापरवाही सामने आई है। इसको देखते हुए परिवहन मंत्री प्रधुम्न सिंह तोमर ने गवलियर RTO एसपीएस चौहान को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही मामले की जांच के आदेश भी दिए है
ग्वालियर में बस और ऑटो में टक्कर से हुए भीषण हादसे में कई अनमोल जिंदगियों के असमय काल कवलित होने से बहुत दुःख पहुंचा है।
ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना करता हूं। ॐ शांति!
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) March 23, 2021
मैं और प्रदेश की जनता दुःख की इस घड़ी में शोकाकुल परिवारों के साथ है। वे स्वयं को अकेला ना समझें।
प्रदेश सरकार की ओर से प्रत्येक मृतक के परिवार को 4 लाख और घायलों को 50 हजार रुपए सहायता राशि दी जायेगी।
— Shivraj Singh Chouhan (@ChouhanShivraj) March 23, 2021
ग्वालियर में आज सुबह भीषण सड़क हादसे में कई लोगो के दुःखद निधन पर मेरी गहरी संवेदनाएं।
ईश्वर से प्रार्थना है वे सभी दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें एवं शोकाकुल परिजनों को यह आघात सहने की शक्ति दें।— Jyotiraditya M. Scindia (@JM_Scindia) March 23, 2021
टक्कर के बाद मचा हड़कंप
इसी दौरान दोनों वाहनों के बीच आमने-सामने से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। लोगों ने तत्काल एंबुलेंस के जरिए घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टर्स ने तीन महिलाओं को मृत घोषित कर दिया। वहीं 9 महिलाओं और ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में से 9 लोगों की पहचान की जा चुकी है। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। चश्मदीद लोगों ने बताया कि महिलाएं दो ऑटो में सवार होकर जा रही थीं। इसी दौरान एक ऑटो रास्ते में खराब हो गया। इसके बाद दोनों ऑटो की महिलाएं एक ही ऑटो में सवार हो गईं। महिलाओं ने तय किया था कि पुरानी छावनी तक पहुंचकर दूसरा ऑटो कर लेंगे। हालांकि इससे पहले ही सभी महिलाएं इस भीषण दुर्घटना का शिकार हो गईं।