Advertisment

2024 में खेल जगत में छाया भारत: T20 वर्ल्ड कप ऐतिहासिक जीत, पेरिस ओलंपिक में चमके सितारे, शतरंज की बिसात पर बादशाहत

Year Ender 2024: साल 2024 विदा ले रहा है। 2024 में खेल जगत में कुछ ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हो गई हैं। टी20 वर्ल्ड कप, पेरिस ओलंपिक और शतरंज की बिसात पर भारतीय खिलाड़ियों ने कमाल कर दिखाया।

author-image
Rahul Garhwal
Year Ender 2024 T20 World Cup Paris Olympics Chess India performance sports

Year Ender 2024: साल 2024 भारत में खेलों के दीवानों के लिए बेहद यादगार रहा। भारत ने T20 वर्ल्ड कप अपने नाम किया। पेरिस ओलंपिक और पैरालंपिक में अच्छा प्रदर्शन किया। इसके साथ ही दुनिया को दिखा दिया कि शतरंज की बिसात पर हमारा कोई तोड़ नहीं है।

Advertisment

भारत ने जीता टी20 वर्ल्ड कप

t20 world cup

साल 2024 में भारत क्रिकेट की दुनिया पर छा गया। कप्तान रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया ने टी20 वर्ल्ड कप जीता। भारत ने आईसीसी टूर्नामेंट ना जीतने के 11 साल के सूखे को खत्म कर दिया। टी20 वर्ल्ड कप जीतना पुरुष भारतीय क्रिकेट टीम के लिए बेहद खास उपलब्धि रही। वर्ल्ड कप का आयोजन वेस्टइंडीज और अमेरिका की संयुक्त मेजबानी में हुआ था। भारतीय टीम ने फाइनल में दक्षिण अफ्रीका को 7 रन से हराकर वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। इससे पहले भारत ने 2007 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में टी20 वर्ल्ड कप जीता था। फाइनल मुकाबले में भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 176 रन का टारगेट दिया था। इसके जवाब में साउथ अफ्रीका की टीम 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 169 रन ही बना सकी। कप्तान रोहित शर्मा ने बारबाडोस में भारत का झंडा गाड़ दिया। टी20 वर्ल्ड कप फाइनल की जीत में भारत के गेंदबाज जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और अर्शदीप सिंह ने अहम भूमिका निभाई। विराट कोहली को 76 रनों की पारी खेलने के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। जसप्रीत बुमराह ने पूरे टूर्नामेंट में 15 विकेट लिए। बुमराह को मैन ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। कप्तान रोहित शर्मा, विराट कोहली और रविंद्र जडेजा ने वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी20 क्रिकेट से संन्यास ले लिया।

2024 पेरिस ओलंपिक में भारत का प्रदर्शन

manu

2024 में पेरिस में हुए ओलंपिक खेलों में भारत ने 1 सिल्वर और 5 ब्रॉन्ज मेडल समेत कुल 6 पदक जीते। भारत ओलंपिक मेडल तालिका में 71वें नंबर पर रहा। एथलीट मनु भाकर, सरबजोत सिंह और स्वप्निल कुसाले ने 3 ब्रॉन्ज मेडल जीते। नीरज चोपड़ा ने भाला फेंक में रजत पदक जीता। अमन सेहरावत ने कुश्ती में भारत को कांस्य पदक दिलाया। भारतीय हॉकी टीम ने इस बार के ओलंपिक में भी ब्रॉन्ज मेडल जीता। हॉकी टीम पिछले ओलंपिक में भी तीसरे नंबर पर रही थी। भारत की युवा स्टार निशानेबाज मनु भाकर ने पेरिस ओलंपिक में इतिहास रचा। पेरिस ओलंपिक में मनु भाकर ने 10 मीटर एयर पिस्टल में व्यक्तिगत और टीम इवेंट में 2 ब्रॉन्ज मेडल जीते। मनु भाकर एक ओलंपिक में दो मेडल जीतने वाली पहली भारतीय एथलीट बनीं। टोक्यो ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाले जैवलिन थ्रोअर नीजर चोपड़ा ने पेरिस ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। ट्रैक एंड फील्ड में भारत के पहले ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता पेरिस ओलंपिक में पाकिस्तान के अरशद नदीम से पीछे रह गए जिन्होंने ओलंपिक रिकॉर्ड बनाते हुए एक बेहतरीन थ्रो से स्वर्ण पदक अपने नाम किया। नीरज चोपड़ा का सिल्वर मेडल पेरिस ओलंपिक में भारत का सबसे बड़ा पदक साबित हुआ। भारतीय हॉकी टीम ने लगातार दूसरे ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई में भारतीय टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया और पेरिस ओलंपिक में हॉकी का ब्रॉन्ज मेडल जीता। पेरिस ओलंपिक में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने संन्यास ले लिया।

पेरिस पैरालंपिक में भारत का प्रदर्शन

avani lekhara

पेरिस पैरालंपिक 2024 में भारत ने कुल 29 मेडल जीतकर इतिहास रच दिया। भारत ने 7 गोल्ड, 9 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज मेडल जीते। भारत मेडल टैली में 170 देशों में 18वें नंबर पर रहा। यह पैरालंपिक में भारत का अब तक का बेस्ट प्रदर्शन है। विमेंस 10 मीटर एयर राइफल में अवनि लेखरा ने भारत को पहला गोल्ड मेडल जिताया। अवनि लेखरा 3 पैरालंपिक मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला एथलीट बनीं। नवदीप सिंह ने पैरालंपिक 2024 में जैवलिन में देश को आखिरी गोल्ड जिताया। सुमित अंतिल ने मेन्स जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीता। वे लगातार 2 गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष खिलाड़ी बने। हरविंदर सिंह ने आर्चरी में भारत के लिए पहला पैरालंपिक गोल्‍ड जीता। धर्मबीर ने क्‍लब थ्रो और प्रवीण कुमार ने हाई जंप में गोल्ड जीता।

Advertisment

चेस ओलंपियाड

india chess

2024 में शतरंज की बिसात पर भारत ने वो कर दिखाया जो 97 साल के इतिहास में कभी नहीं हो सका। डी गुकेश और अर्जुन एरिगैसी के दम पर भारत ने चेस ओलंपियाड के ओपन सेक्शन में गोल्‍ड मेडल जीता। इसके साथ ही महिला टीम ने भी ओपन सेक्शन का गोल्ड जीता। बुडापेस्ट में भारत के गुकेश ने व्लादिमीर फेडोसीव को हराया। वहीं एरिगैसी ने जान सुबेल को मात दी। महिला टीम ने आखिरी मैच में अजरबैजान को हराया था। भारतीय पुरुष टीम में डी गुकेश, अर्जुन एलिगैसी, विदित गुजराती, पेंटला हरिकृष्ण, आर प्रज्ञानंद और श्रीनाथ नारायणन थे। वहीं महिला टीम में हरिका द्रोणावल्ली, वैशाली रमेशबाबू, दिव्या देशमुख, वंतिका अग्रवाल, तानिया सचदेव और अभिजीत कुंते शामिल थीं। भारत ने 2 साल पहले चेस ओलंपियाड में ब्रॉन्ज मेडल जीता था। इससे पहले 2014 में भी भारत को ब्रॉन्ज मेडल ही मिला था। भारतीय पुरुष टीम ने चेस ओलंपियाड में शानदार खेल दिखाया। उन्होंने लगातार 8 मुकाबलों में जीत दर्ज की। 18 साल के डी गुकेश ने लगातार दूसरी बार व्यक्तिगत इवेंट में चेस ओलंपियाड का गोल्ड मेडल अपने नाम किया। उन्होंने 2022 चेस ओलंपियाड में भी गोल्ड जीता था। गुकेश लगातार 2 गोल्ड जीतने वाले ग्रैंड मास्टर विश्वनाथन आनंद के बाद दूसरे भारतीय बने।

विश्व शतरंज चैंपियनशिप में छाए डी गुकेश

gukesh

भारतीय ग्रैंडमास्टर डी गुकेश ने विश्व शतरंज चैंपियनशिप के 14वें और अंतिम दौर में चीन के डिंग लिरेन को हराकर खिताब जीता। लिरेन को हराकर डी गुकेश सबसे युवा विश्व शतरंज चैंपियन बन गए। 18 साल के गुकेश ने इतिहास रच दिया। 6.5 अंकों के साथ खेल की शुरुआत हुई थी। अंतिम मैच भी ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था कि तभी लिरेन की एक गलती उन पर भारी पड़ गई और डी गुकेश जीत गए। 12 साल के बाद किसी भारतीय ने इस खिताब को जीता। डी गुकेश 18 साल 8 महीने 14 दिन की उम्र में विश्व चैंपियन बने। गुकेश ने गैरी कास्पारोव का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 22 साल 6 महीने 27 दिन की उम्र में यह खिताब जीता था। गुकेश से पहले भारत के विश्वनाथन आनंद विश्व शतरंज चैंपियन बने थे। डी गुकेश के लिए साल 2024 बेहद यादगार रहेगा।

पुरुष जूनियर हॉकी एशिया कप

jr hockey india

2024 में भारत की जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप में खिताबी हैट्रिक लगाई। मस्कट में खेले गए फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 5-3 से हराया। भारत ने 5वीं बार जूनियर हॉकी एशिया कप जीता। इस मुकाबले में भारत के लिए अरिजीत सिंह हुंदल ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने मैच में 4 गोल किए। एक गोल दिलराज सिंह ने किया। भारत ने 2004, 2008, 2015 और 2023 में भी जूनियर हॉकी एशिया कप अपने नाम किया था।

Advertisment

महिला जूनियर हॉकी एशिया कप

hockey india jr womens

भारतीय टीम ने महिला जूनियर हॉकी एशिया कप का खिताब लगातार दूसरी बार जीता। जूनियर विमेंस टीम ने फाइनल मुकाबले में चीन को 3-2 से करारी शिकस्त दी। इस मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। यह मैच बराबरी पर रहा था और पेनल्टी शूटआउट में भारत ने रोमांचक जीत दर्ज की। भारतीय टीम के लिए शूटआउट में साक्षी राणा, सुनिलिता टोप्पो और इशिका ने गोल किए। गोलकीपर निधि ने भारत की जीत में अहम भूमिका निभाई। निधि ने 3 गोल बचाए और भारत की खिताबी जीत सुनिश्चित की।

भारत ने जीता विमेंस अंडर-19 एशिया कप

u 19 ashia cup india womens

2024 में भारत ने पहला विमेंस अंडर-19 एशिया कप अपने नाम किया। फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने बांग्लादेश को 41 रनों से हराया। भारत ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 117 रन बनाए थे। इसके जवाब में बांग्लादेश की टीम 18.3 ओवर में सिर्फ 76 रनों पर ढेर हो गई। भारत के लिए फिफ्टी लगाने वाली गोंगाडी त्रिशा प्लेयर ऑफ द मैच रहीं।

T20 World Cup Paris Olympics Paris Paralympics Chess Olympiad year ender 2024 World Chess Championship India performance sports 2024
Advertisment
WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें