महिला बाइकर्स रैली ‘टाइग्रेस ऑन द ट्रेल’ रवाना, मंत्री उषा ठाकुर ने दिखाई हरी झंडी

भोपाल: मध्य प्रदेश पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर ने राजधानी भोपाल के भदभदा रोड़ स्थित सैर सपाटा से महिला बाइकर्स रैली टाइग्रेस ऑन द ट्रेल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह आयोजन पर्यटन को बढ़ावा देने के मकसद से किया गया है। इस रैली के तहत देशभर से 15 महिला बाइकर्स भोपाल से मढ़ई, पेंच, कान्हा, बांधवगढ़, पन्ना और खजुराहो से होते हुए वापस भोपाल तक 1500 किमी का सफर तय करेंगी।
महिला बाइकर्स रैली का समापन 25 नवंबर को किया जाएगा। बाइक सवार महिलाएं मध्यप्रदेश के आकर्षक पर्यटन स्थलों के सुगम और सुरक्षित होने की जानकारी पर्यटकों को देंगी। टाइग्रेस ऑन द ट्रेल में राष्ट्रीय स्तर की 15 प्रतिष्ठित महिला बाइक राइडर्स ने भागीदारी ली है। सभी को बाइक राइडिंग का लंबा अनुभव है।
इस रैली में इटली से आई सिल्वाना भी हिस्सा ले रहीं हैं। सिल्वाना 2015 में भारत दौरे पर आई थी उसके बाद उनकी ये दूसरी भारत यात्रा है। सिल्वाना के मुताबिक भारत में महिला सशक्तिकरण के दिशा में बहुत अंतर आया है।
मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड नवाचारों को क्रियान्वित करने में है सबसे आगे
पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव ने कहा कि, मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए नवाचारों को क्रियान्वित करने में सदैव अग्रणी रहा है। इस मुहिम के जरिए पर्यटकों में पर्यटन के प्रति विश्वास जागृत करने तथा राज्य के प्रमुख वन्यजीव पर्यटन स्थलों जैसे मढ़ई, पेंच, कान्हा, बांधवगढ, पन्ना के साथ-साथ राज्य के समस्त राष्ट्रीय उद्यान की विशेषताओं से पर्यटकों को अवगत कराया जाएगा।