आज एकसाथ नज़र आएंगे 6 ग्रह, जानें क्या होता है प्लैनेट परेड?

रिपब्लिक डे पर सेना की परेड तो आपने जरूर देखी होगी, लेकिन क्या कभी मंगल, शुक्र, पृथ्वी जैसे ग्रहों की परेड देखी है।

हमारे सौरमंडल के सभी ग्रह सूर्य के चारों तरफ घूमते हुए जब थोड़े वक्त के लिए सूरज की एक तरफ इकट्ठा हो जाते हैं, तो ऐसा लगता है कि वह एक सीधी लाइन में हैं, तो इसे प्लैनेट परेड या प्लैनेटरी अलाइनमेंट कहा जाता है।

आसान भाषा में समझें तो जब सभी ग्रह सूरज का चक्कर लगाते हुए एक सीधी लाइन में आ जाते हैं, तो उसे प्लैनेट परेड कहते हैं।

अमेरिकी स्पेस रिसर्च वेबसाइट स्टारवॉक के मुताबिक, 21 जनवरी को यह परेड सूरज ढलने के तुरंत बाद शुरू हो जाएगी। जब शुक्र, शनि, बृहस्पति, मंगल, नेपच्यून और यूरेनस एक लाइन में आ जाएंगे।

हालांकि ये बिल्कुल सीधी लाइन नहीं होगी, क्योंकि सभी ग्रहों की स्थिति एक-दूसरे से कुछ डिग्री ऊपर और नीचे है।

शुक्र, मंगल, बृहस्पति और शनि ग्रहों को रात के अंधेरे में बिना टेलिस्कोप की मदद से सामान्य आंखों से देख सकते हैं।

इस बार प्लैनेट परेड के दौरान शुक्र ग्रह सबसे ज्यादा चमकता हुआ दिखेगा। वहीं, मंगल ग्रह दूर से देखने पर लाल रंग के बिंदु जैसा दिखेगा।

इसके अलावा शनि धुंधले बिंदु जैसा और बृहस्पति ग्रह सफेद बिंदु की तरह दूर से दिखाई देगा। खास बात ये है कि सारे ग्रह एक साथ आसमान में नजर आएंगे।