मथुरा के बरसाना में विश्व प्रसिद्ध लट्ठमार होली खेली जा रही है। हर तरफ अबीर-गुलाल दिखाई दे रहा है।
गुलाल से रंगे भक्त ढोल-नगाड़ों की धुन पर झूम रहे हैं। डांस कर रहे हैं। होली के गीत गा रहे हैं।
बरसाना में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात पुलिसवालों के साथ महिलाओं ने लट्ठमार की। नंदगांव से आए हुरियारों का पीली पोखर पर स्वागत किया गया।
हुरियारे यहां से भगवान कृष्ण के स्वरूप का ध्वजा श्री जी मंदिर ले जाएंगे। श्रीजी के चरण स्पर्श के बाद रंगीली गली में लट्ठमार होली शुरू होगी।
होली देखने और खेलने के लिए 20 लाख श्रद्धालु बरसाना पहुंचे हैं। इनमें विदेशी टूरिस्ट भी शामिल हैं।
प्रशासन के मुताबिक, सुरक्षा के लिहाज से 4500 से ज्यादा पुलिसकर्मी, PAC और एंटी रोमियो टीम तैनात की गई है। इससे पहले मंगलवार को राधारानी (लाड़लीजी) मंदिर में लड्डूमार होली खेली गई थी।
बता दें कि बरसाना राधा रानी का जन्मस्थान है। लट्ठमार होली में नंदगांव यानी श्रीकृष्ण का जहां बचपन बीता, वहां के हुरियारे 8Km दूर बरसाना में होली खेलने आते हैं। कुंज और रंगीली गलियों से होते हुए करीब 3Km तक चलते हैं।