काला चना चाट एक सेहतमंद नाश्ता है जो प्रोटीन से भरपूर है और इसे आप दिन में कभी भी खा सकते हैं।
स्कूल या ऑफिस के टिफिन के लिए पैक करने लायक यह सबसे आसान और जल्दी बनने वाली रेसिपी है। आइए जानते हैं काला चना चाट कैसे बनाते हैं।
सामग्री- 100 ग्राम काला चना, 1 प्याज, 1 टमाटर, 1 छोटा चम्मच काली मिर्च, नमक, 2 बड़े चम्मच धनिया पत्ती, 1 बड़ा चम्मच नींबू का रस, 2 बड़े चम्मच सेव, 1 हरी मिर्च, 1 छोटा चम्मच चाट मसाला।
काले चने को दो कप पानी में रात भर भिगो दें। अगली सुबह पानी निकाल दें और 1 कप पानी के साथ चने को प्रेशर कुकर में 2 सीटी आने तक पकाएं।
इसे ठंडा होने दें और चने को एक बड़े मिक्सिंग बाउल में निकाल लें। प्याज, टमाटर, धनिया पत्ती और हरी मिर्च को बारीक काट लें। इन्हें मिक्सिंग बाउल में डालें।
अब इसमें मसाले डालकर अच्छी तरह मिला लें। ऊपर से नींबू का रस और सेव डालें।
आपकी प्रोटीन से भरपूर घर की बनी काला चना चाट तैयार है। आप इसे सुबह के नाश्ते या शाम को स्नैक्स टाइम पर भी बना सकते हैं।