अगर आप नाश्ते के लिए हेल्दी और झटपट बनने वाली रेसिपी ढूंढ रहे हैं तो ये खबर आपके लिए है।
आज हम आपको बताएंगे ब्रोकली पालक चीला की रेसिपी, जो हेल्दी भी है और खाने में बहुत स्वादिष्ट लगती है।
सामग्री- 1 कप ब्रोकली, 1 कप बेसन, 2 हरी मिर्च, 1/4 छोटा चम्मच काली मिर्च, नमक, 1 कप पालक, 5 लहसुन की कलियां, 1 छोटा चम्मच जीरा पाउडर, 1/4 चम्मच गरम मसाला पाउडर।
ब्रोकली को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब ब्रोकली और पालक के पत्तों को ब्लेंडर में डालें। साथ ही लहसुन की कलियां, हरी मिर्च और लगभग 2-3 बड़े चम्मच पानी भी डालें। गाढ़ा पेस्ट बनने तक ब्लेंड करें।
एक कटोरी में पेस्ट निकाल लें। इसमें बेसन, जीरा पाउडर, गरम मसाला, काली मिर्च पाउडर और नमक डालें। अब पानी डालें और गाढ़ा घोल बना लें।
अब एक नॉन-स्टिक तवे पर तेल डालें। दो करछी घोल डालें और गोल घुमाते हुए चीला बना लें। एक तरफ से सुनहरा रंग आने तक पकाएं। दूसरी तरफ पलटकर हल्का कुरकुरा होने तक पकाएं।
चीले को अपनी पसंद की चटनी या डिप के साथ परोसें।