भोपाल। प्रदेश में हाल ही में सूरज की किरणों ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेशभर में गर्मी तेज हो गई है। कई जिलों में दिन का पारा 40 के पार भी पहुंच गया है। जबलपुर सहित अन्य जिलों में सुबह से ही गर्मी का अहसास होने लगा है। अब मौसम विभाग ने एक राहत की खबर दी है। इस खबर के अनुसार प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण पंजाब और आस-पास के क्षेत्र के ऊपर हवा का चक्रबात बन गया है।
इस सिस्टम के कारण प्रदेश के मौसम गर्माया हुआ है। हालांकि आज से ही मौसम विभाग ने मौसम के तीखे तेवरों में कमी आने की संभावा जताई है। मौसम विज्ञानियों के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में शुक्रवार को बादल छाने के साथ बारिश के भी आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार और शनिवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है।
हवाओं का बदला रुख
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी पीके साहा के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से आगे की तरफ बढ़ गया है। इसके प्रभाव से पंजाब और आस-पास के क्षेत्रों के ऊपर हवा का चक्रबात बन गया है। इन सिस्टमों के कारण हवा का रुख पश्चिमी और दक्षिण पश्चिमी हो गया है। इसी कारण से प्रदेश की राजधानी सहित अन्य जिलों के तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। प्रदेश के 26 जगहों पर मंगलवार को तापमान 40 से 43 डिग्री तक भी पहुंचा है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण हवाओं के साथ कुछ नमी आने लगी है। इसी कारण प्रदेश में आंशिक बादल भी छाने लगे हैं। हवाओं के रुख बदलने और बादलों के छाने के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान में गिरावट की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में 9-10 अप्रैल को बादल छाने की आशंका है। साथ ही बारिश भी देखने को मिल सकती है। इस बदले मौसम के कारण तापमान में भी कमी आएगी और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से भी राहत मिलेगी।