MP Weather Report: आज राजधानी में छा सकते हैं बादल, इन जिलों में बारिश की संभावना

भोपाल। प्रदेश में सूरज की किरणों ने अपना प्रकोप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेशभर में गर्मी तेज हो गई है। कई जिलों में दिन का पारा 40 के पार भी पहुंच गया है। जबलपुर सहित अन्य जिलों में सुबह से ही गर्मी का अहसास होने लगा है। अब मौसम विभाग ने एक राहत की खबर दी है। इस खबर के अनुसार प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी मप्र में अगले 48 घंटे में बादल छाने के साथ हल्की बारिश की भी संभावना जताई है।
इसके साथ ही गुरुवार को राजधानी समेत आस-पास के क्षेत्र में बादल छाने की भी आशंका जताई है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के बीच में ऊपर वेस्टर्न डिस्टरबेंस बना हुआ है। इस कारण दक्षिण पश्चिम राजस्थान और पश्चिमी उप्र दोनों जगहों पर 0.9 किमी ऊपर हवाओं का चक्रवात बन गया है। इसके प्रभाव से राजधानी भोपाल सहित अन्य क्षेत्रों में बादल छाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, 9 और 10 अप्रैल को पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, मंडला, सतना, शहडोल, सिवनी, छिंदवाड़ा में हल्की बारिश की भी संभावना मौसम विभाग द्वारा जताई गई है।
हवाओं का बदला रुख
मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी पीके साहा के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से आगे की तरफ बढ़ गया है। इसके प्रभाव से पंजाब और आस-पास के क्षेत्रों के ऊपर हवा का चक्रबात बन गया है। इन सिस्टमों के कारण हवा का रुख पश्चिमी और दक्षिण पश्चिमी हो गया है। इसी कारण से प्रदेश की राजधानी सहित अन्य जिलों के तापमान में बढ़ोत्तरी हुई है। प्रदेश के 26 जगहों पर मंगलवार को तापमान 40 से 43 डिग्री तक भी पहुंचा है।
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण हवाओं के साथ कुछ नमी आने लगी है। इसी कारण प्रदेश में आंशिक बादल भी छाने लगे हैं। हवाओं के रुख बदलने और बादलों के छाने के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में तापमान में गिरावट की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में 9-10 अप्रैल को बादल छाने की आशंका है। साथ ही बारिश भी देखने को मिल सकती है। इस बदले मौसम के कारण तापमान में भी कमी आएगी और लोगों को चिलचिलाती गर्मी से भी राहत मिलेगी।
0 Comments