/bansal-news/media/post_attachments/wp-content/uploads/2024/06/National-Bansal-News.jpeg)
नयी दिल्ली, 15 जनवरी (भाषा) भाजपा नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय गोयल ने कोविड-19 महामारी के दौरान नरेन्द्र मोदी सरकार की विभिन्न उपलब्धियों के बारे में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए शुक्रवार को अभियान शुरू किया।
गोयल ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य उन लोगों को बेनकाब करना भी है जो कोरोना वायरस टीके को लेकर राजनीति कर रहे हैं।
‘मोदी तुझे सलाम’ नामक अभियान की शुरुआत केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने की थी।
पूर्व राज्यसभा सदस्य गोयल ने कहा, ‘‘यह ईश्वरीय कृपा है कि संकट के समय नरेन्द्र मोदी हमारे प्रधानमंत्री हैं। कल से टीकाकरण शुरू हो जाएगा और इससे देश में एक नए युग की शुरुआत होगी। यह अभियान मोदी सरकार को प्रोत्साहित करने के साथ ही और मजबूती प्रदान करेगा तथा उन लोगों को बेनकाब करेगा जो कोरोना वायरस टीके पर राजनीति कर रहे हैं तथा लोगों को इस बारे में शिक्षित करेगा कि टीकाकरण के बाद भी उन्हें सतर्क रहने की आवश्यकता क्यों है।’’
उन्होंने कहा कि वह यह अभियान पार्क और रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन में चलाएंगे।
राष्ट्रीय राजधानी में टीकाकरण अभियान की शुरुआत शनिवार को सरकारी एलएनजेपी अस्पताल से होगी। इस दौरान महामारी के खिलाफ लड़ाई में सबसे आगे रहे स्वास्थ्यकर्मियों को सबसे पहले टीका दिया जाएगा।
गोयल ने विपक्षी दलों पर अपने निहित स्वार्थों के लिए काम करने और कोरोना वायरस संकट के बीच सरकार के साथ सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया।
भाषा अमित नेत्रपाल
नेत्रपाल
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us