कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का वीडियो वायरल, कहा- मेरी वजह से कांग्रेस के वोट कट जाते हैं, जानिए वीडियो की सच्चाई

भोपाल। कांग्रेस के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिग्विजय सिंह ये कहते हुए नजर आ रहे हैं कि उनके भाषण की वजह से कांग्रेस के वोट कट जाते हैं।
BJP मीडिया प्रभारी ने शेयर किया है वीडियो
श्री दिग्विजय सिंह जी का दमोह की धरती पर स्वागत है 💐💐
उन्होंने स्वयं ही कहा है कि …..
वे जहां भी जाते हैं वहाँ कांग्रेस के वोट कट जाते हैं @INCMP @BJP4MP @digvijaya_28 pic.twitter.com/cOTVCj2fl6— लोकेन्द्र पाराशर Lokendra parashar (@LokendraParasar) April 9, 2021
इस वीडियो को बीजेपी के मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पराशर ने अपने ट्विटर हैंडल से शेयर करते हुए दिग्विजय सिंह पर निशाना साधा है। वायरल वीडियो में दिग्विजय सिंह कांग्रेस कार्यकर्ताओं से घिरे हुए दिख रहे हैं। जिसमें वे कह रहे हैं कि देखो ख्वाब देखते रह जाओगे, ऐसे करोगो तो प्रदेश में सरकार नहीं बनेगी। जिसको भी टिकट मिले, चाहे वो दुश्मन ही क्यों नहीं हो, उसको जिताओ। और मेरा काम केवल एक ही है। कोई प्रचार नहीं, कोई भाषण नहीं, मेरे भाषण की वजह से कांग्रेस का वोट कट जाता है।
पराशर ने दिग्विजय पर कसा तंज
वीडियो पर तंज कसते हुए लोकेंद्र पराशर ने लिखा है कि दिग्विजय सिंह दमोह की धरती पर आपका स्वागत है। उन्होंने स्वयं ही कहा है कि वे जहां भी जाते हैं, वहां कांग्रेस के वोट कट जाते हैं। बतादें कि दमोह विधानसभा सीट पर कुछ दिनों बाद ही उपचुनाव होने हैं, 17 अप्रैल को वोटिंग है। ऐसे में दोनों पार्टियां यानी भाजपा और कांग्रेस ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है।
वीडियो का दमोह चुनाव से कोई लेना देना नहीं
हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के साथ जो दावा किया जा रहा है वो सही नहीं है। इस वीडियो का दमोह चुनाव से कोई लेना देना नहीं है। वायरल वीडियो काफी पुराना है। इस वीडियो को उस वक्त बनाया गया था, जब मध्यप्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष जीतू पटवारी थे और दिग्विजय मिलने के लिए उनके सरकारी बंगले पर पहुंचे थे। मुलाकात के बाद बाहर निकलते समय दिग्विजय कांग्रेस कार्यकर्ताओं से रूबरू हुए थे और इसी दौरान उन्होंने ये बातें कही थीं।
तब दिग्विजय नाराज चल रहे थे
हालांकि उस वक्त दिग्विजय कांग्रेस से नाराज चल रहे थे। क्योंकि 2018 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के तत्कालीन अध्यक्ष राहुल गांधी भोपाल आए थे। उनके रोड शो के लिए पूरे शहर में नौ बड़े नेताओं के विशाल कटआउट लगाए गए थे। लेकिन इन कटआउट में दिग्विजय सिंह कहीं भी नहीं थे। हालांकि बाद में इस चीज के लिए प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने उनसे माफी भी मांगी थी।