यूपी का मौसम: 3.4 डिग्री के साथ उत्तर प्रदेश का अलीगढ़ सबसे ठंडा, दो दिन राहत के बाद फिर बढ़ेगी सर्दी

उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। अलीगढ़ में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

up weather update. 5 jan. 2026

UP Weather Update Aligarh: उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। अलीगढ़ में प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। प्रदेश के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि के साथ घना कोहरा छाया रहा, जबकि मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक भीषण ठंड से आंशिक राहत की संभावना जताई है।

शुक्रवार सुबह मथुरा में तेज बारिश हुई। कुछ इलाकों में ओले गिरने से ठंड और बढ़ गई। पश्चिमी यूपी के कई हिस्सों में कहीं तेज बौछार तो कहीं बूंदाबांदी देखने को मिली। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से वायुमंडलीय अस्थिरता बनी, जिससे कोहरा कुछ हद तक छंटा और तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके चलते प्रदेश के अधिकांश जिलों में शीत दिवस की स्थिति समाप्त हो गई है। विभाग का अनुमान है कि 11 जनवरी तक मौसम शुष्क रहेगा और कोहरे की तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी।

चार शहरों में पारा 4.5 डिग्री से नीचे

रात की ठंड के मामले में अलीगढ़ सबसे आगे रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री दर्ज किया गया। इसके बाद मेरठ में 4.3, फुरसतगंज में 4.4 और बाराबंकी, नजीबाबाद व बरेली में 4.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा।

दिन में भी गलन ने सताया

सबसे कम अधिकतम तापमान बुलंदशहर में 14.0 डिग्री दर्ज किया गया। फतेहगढ़ में 14.2, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद और बरेली में 15.0 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ। झांसी में दिन और रात दोनों समय ठंड का असर अधिक रहा। वहीं अलीगढ़ में रात के तापमान में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई।

कई शहरों में दृश्यता शून्य

बीते 24 घंटों में अलीगढ़, आगरा (आईएएफ), सरसावा (आईएएफ), बरेली, चित्रकूट, गोरखपुर (आईएएफ), प्रयागराज (आईएएफ), आजमगढ़ और कानपुर (आईएएफ) में दृश्यता शून्य दर्ज की गई। फतेहपुर, सुलतानपुर और फतेहगढ़ में दृश्यता 20 से 30 मीटर तक सिमटी रही। कई अन्य शहरों में दृश्यता 50 मीटर के आसपास रही।

सीजन की सबसे सर्द रात

मुरादाबाद में गुरुवार आधी रात और शुक्रवार तड़के सीजन की सबसे ठंडी रात रही। यहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

धूप से मिली आंशिक राहत

प्रयागराज में शुक्रवार को धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली। लखनऊ में रातभर घना कोहरा छाया रहा और न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज किया गया। आसपास के जिलों में भी सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन बनी रही।

अम्बेडकरनगर में दिन में तेज धूप निकली, लेकिन ठंड का असर बना रहा। श्रावस्ती, सीतापुर, रायबरेली, बाराबंकी और बहराइच में सुबह घना कोहरा और शीतलहर का प्रभाव देखने को मिला।

सोमवार से फिर बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक अत्यधिक घने कोहरे या शीत दिवस की चेतावनी नहीं है। हालांकि, सोमवार से एक बार फिर मौसम करवट लेगा और राजधानी समेत कई जिलों में शीतलहर चलने की संभावना है।

गोरखपुर का हाल

गोरखपुर में शनिवार सुबह घना कोहरा रहेगा। दिन में थोड़ी राहत मिलेगी, लेकिन ठंड बरकरार रहेगी। देवरिया और बस्ती में भी कोहरे और गलन भरी ठंड का पूर्वानुमान है।

यह भी पढ़ें : 

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article