Advertisment

उप्र में नगरीय किरायेदारी अध्‍यादेश को मंजूरी

author-image
Bhasha
देश में रविवार तक कुल 2,24,301 लाभार्थियों को कोविड-19 का टीका लगाया गया: सरकार

लखनऊ, नौ जनवरी (भाषा) मकान मालिक और किरायेदारों के अधिकारों की रक्षा और उनके बीच होने वाले विवादों पर अंकुश लगाने के लिए 'उत्‍तर प्रदेश नगरीय किरायेदारी विनियमन-अध्‍यादेश 2021' को शुक्रवार को उत्‍तर प्रदेश मंत्री परिषद ( कैबिनेट) ने मंजूरी दे दी है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी शनिवार को दी।

Advertisment

उन्होंने बताया कि नये अधिनियम के तहत मकान मालिकों के लिए किरायेदार के साथ अनुबंध करना अनिवार्य किया गया है। इसके तहत किराया प्राधिकरण का गठन किया जाएगा और किसी भी किराये के समझौते का प्राधिकरण में पंजीकरण कराना होगा।

किराया प्राधिकरण एक विशिष्‍ट पहचान संख्‍या जारी करेगा और अनुबंध की सूचना मिलने के सात दिनों के भीतर अपनी वेबसाइट पर किरायेदार का विवरण अपलोड करेगा।

अगर 12 माह से कम अवधि का किरायेदारी अनुबंध है तो इसकी सूचना प्राधिकरण को नहीं देनी होगी।

Advertisment

उप्र सरकार के एक अधिकारी के अनुसार नये अध्यादेश में यह व्‍यवस्‍था दी गई है कि अगर दो माह तक किराये का भुगतान नहीं मिला तो मकान मालिक किरायेदार को मकान से खाली करवा सकेंगे।

उन्होंने कहा कि विवादों का निस्‍तारण किराया प्राधिकरण एवं अपीलीय न्‍यायाधिकरण द्वारा किया जायेगा और न्‍यायाधिकरण को 60 दिनों के भीतर किसी भी विवाद का निपटारा करना होगा।

अधिकारी के मुताबिक, यह कानून लागू होने के बाद मकान मालिक और किरायेदार के बीच समझौते में बहुत अधिक पारदर्शिता होगी और छोटे विवादों की गुंजाइश नहीं रहेगी। मकान मालिक समझौते की अवधि में किरायेदार को बेदखल नहीं कर सकेंगे।

Advertisment

साथ ही कानून में यह भी स्‍पष्‍ट होगा कि मकान के रख रखाव, पानी, बिजली आदि के भुगतान की जिम्‍मेदारी किसकी होगी।

भाषा आनन्‍द

शफीक

Advertisment
WhatsApp Icon चैनल से जुड़ें