दतिया मंडी में अन्नदाता परेशान! कड़ाके की ठंड में ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर रात काटने को मजबूर किसान

दतिया कृषि मंडी में अव्यवस्थाओं से किसान परेशान हैं। धान बेचने के लिए 2-2 दिन इंतजार, सही दाम नहीं और विश्राम गृह पर ताला—कड़ाके की ठंड में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में रात गुजारने को मजबूर हैं।

जो किसान पूरे देश का पेट भरता है, आज वही किसान कड़ाके की ठंड में मंडी की सड़कों पर रात बिताने को मजबूर है। हम बात कर रहे हैं मध्य प्रदेश के दतिया की, जहाँ की कृषि मंडी में अव्यवस्थाओं का ऐसा आलम है कि किसानों के आंसू निकल रहे हैं। दतिया मंडी में दूर-दराज से किसान अपनी धान की फसल लेकर पहुंचे हैं। लेकिन क्या आपको पता है? अपनी ही मेहनत की फसल बेचने के लिए उन्हें यहाँ 2-2 दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। दिन भर इस उम्मीद में निकलता है कि शायद अब सही बोली लगेगी, लेकिन शाम होते ही उन्हें निराशा हाथ लगती है। इस कड़कड़ाती ठंड में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली में बैठकर रात काटने को मजबूर हैं। न अलाव की व्यवस्था है और न ही सिर छुपाने की जगह। सबसे शर्मनाक बात तो यह है कि किसानों के लिए करोड़ों की लागत से बना 'किसान विश्राम गृह' तो है, लेकिन प्रशासन ने उसमें ताला जड़ रखा है। किसानों का आरोप है कि उन्हें फसल का सही दाम नहीं मिल रहा है और व्यापारी अपनी मनमानी कर रहे हैं। मंडी प्रशासन की ये अनदेखी किसानों पर भारी पड़ रही है। आप इस पूरी अव्यवस्था पर क्या सोचते हैं? कमेंट बॉक्स में अपनी राय जरूर दें।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article