बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में एल्कोहल युक्त सीरप पीने से एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 6 अन्य लोगों की हालत गंभीर है। गंभीर लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती किया गया है। सभी 13 लोग एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं। मामला बिलासपुर के सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में आने वाले गांव कोरमी का है। यहां बुधवार को कोरोना से बचने के लिए एक ही परिवार के 13 लोगों ने एल्कोहल युक्त सीरप पी लिया। इसके बाद सभी की हालत बिगड़ गई। सभी लोगों को अस्पताल ले जाया गया। जहां 4 लोगों ने देर रात दम तोड़ दिया। वहीं गुरुवार सुबह भी तीन लोगों की मौत हो गई। 6 अन्य लोगों की हालत गंभीर होने के बाद उनका इलाज चल रहा है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। जानकारी के अनुसार मृतक कमलेश धुरी उम्र 32 वर्ष, अक्षय धुरी उम्र 21 वर्ष, राजेश धुरी उम्र 21 वर्ष व समारू धुरी उम्र 25 वर्ष का परिजनों ने रात में ही अंतिम संस्कार कर दिया था। इसके बाद गुरुवार सुबह भी तीन लोगों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पता चला है कि एक ही परिवार के लोगों ने कोरोना से बचने के लिए एल्कोहल युक्त सीरप पी लिया था।
इसके बाद ही सभी की हालत बिगड़नी शुरू हुई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बता दें कि छत्तीसगढ़ में कोरोना महामारी का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है। रोजाना हजारों की संख्या में नए मरीज सामने आ रहे हैं। सरकार ने कोरोना महामारी को देखते हुए लॉकडाउन को भी 15 मई तक बढ़ा दिया है। बता दें कि इस महामारी में आम से लेकर खास तक कई लोग अपनी जान गंवा चुके हैं।