Advertisment

कश्मीर की बहनों ने बर्फ पर कलाकृति बनाकर कोरोना योद्धाओं के प्रति आभार प्रकट किया

author-image
Bhasha
देश में रविवार तक कुल 2,24,301 लाभार्थियों को कोविड-19 का टीका लगाया गया: सरकार

श्रीनगर, 10 जनवरी (भाषा) कश्मीर घाटी में बर्फबारी और कोविड-19 महामारी की वजह से लोग घरों में बंद हैं और ऐसे में घाटी की दो बहनों ने बर्फ पर कलाकृति बनाकर कोरोना योद्धाओं के प्रति आभार प्रकट किया है। इन दोनों बहनों में से एक ने कानून और दूसरी ने चिकित्सा की पढ़ाई की है।

Advertisment

शहर के अथवाजन में इन दो बहनों के घर के प्रांगण में लोग बर्फ पर उकेरी गई कलाकृति को देखने के लिए आ रहे हैं। डॉक्टर कुर्तुल आईन जोहरा और आयमान जोहरा ने इसे बनाया है।

बर्फ पर एक महिला डॉक्टर की छवि बनाई गई है, जिसके हाथ में कोविड-19 के टीके से भरा हुआ सिरिंज, आला है और विश्व स्वास्थ्य संगठन का संक्षिप्त नाम 'डब्ल्यूएचओ' लिखा है।

कुर्तुल आईन ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘‘ इसके जरिये कोविड-19 के खिलाफ दुनिया भर में लड़ाई लड़ने वालों खास तौर पर कश्मीर में इसके खिलाफ मोर्चे पर डटे रहनेवालों को शुक्रिया कहा गया है। डॉक्टरों, पारा चिकित्सकों, पुलिस, एम्बुलेंस चालकों और मीडिया…सभी ने महामारी के खिलाफ लड़ने में भूमिका अदा की है।’’

Advertisment

इन बहनों ने कहा कि वे अपनी कलाकृति के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का संदेश भी दे रही हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘ हमने एक महिला डॉक्टर की कलाकृति तैयार की ताकि इस महामारी के खिलाफ लड़ रही महिलाओं के प्रति आभार प्रकट किया जा सके और महिला सशक्तिकरण को रेखांकित किया जाए।’’

हालांकि, जब उनसे पूछा गया कि एक डॉक्टर और एक वकील कैसे बर्फ की कलाकृतियां बनाने के काम में जुट गईं तो उन्होंने कहा, ‘‘ कला हमारे खून में है। हम अपने स्कूल के दिनों में आनंद उठाने के लिए कला प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेते थे और जीतते थे। शिक्षा पूरी करने के बाद हम अपने इस शौक को मेकअप आर्टिस्ट के तौर पर पूरा करने लगे।’’

Advertisment

भाषा स्नेहा दिलीप

दिलीप

Advertisment
चैनल से जुड़ें