/bansal-news/media/post_attachments/wp-content/uploads/2024/06/covid-3.jpg)
भोपाल। प्रदेश में लगातार बरस रहे कोरोना कहर के बीच अब राहत की खबर आने लगी है। अब प्रदेश में कोरोना संक्रमण की चेन टूटती दिख रही है। प्रदेश में कोरोना के एक्टिव मरीजों की संख्या में भी कमी देखने को मिल रही है। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में एक्टिव मरीजों की संख्या घटकर 85 हजार 750 पहुंच गई है। अगर सोमवार की बात करें तो प्रदेशभर में कोरोना के 12072 नए मामले सामने आए हैं। वहीं 13408 कोरोना संक्रमित मरीजों ने कोरोना को मात देकर जिंदगी की जंग जीत ली है।
प्रदेश में कोरोना से संक्रमित मरीजों का रिकवरी रेट 84.7% हो गया है। वहीं मृत्यु दर 1% बची है। अगर प्रदेश के जिलों की बात करें तो सबसे ज्यादा पॉजिटिविटी रेट टीकमगढ़ और शिवपुरी में है। टीकमगढ़ में 45% जबकि शिवपुरी जिले में 39% पॉजिटिविटी रेट है। वहीं प्रदेश के बुरहानपुर और छिंदवाड़ा में यह पॉजिटिविटी रेट सबसे कम दर्ज किया गया है। बुरहानपुर में 3% और छिंदवाड़ा जिले में 5%पॉजिटिविटी रेट बना हुआ है। वहीं साप्ताहिक पॉजिटिविटी रेट की बात करें तो तो यह 21.3% हो गया है। यह रेट राष्ट्रीय औसत के बराबर ही है।
16 जिलों से आ रहे 200 से ज्यादा केस
वहीं कोरोना की जिलेवार समीक्षा की बात करें तो 16 जिलों में 200 से अधिक कोरोना के मामले सामने आए हैं। इंदौर में 1787, भोपाल में 1669, ग्वालियर में 910, जबलपुर में 739, रतलाम में 345, रीवा में 339, सतना में 272, शिवपुरी में 252, धार में 245, मंदसौर में 241, सिंगरौली में 240, उज्जैन में 233, सागर में 230, सीधी में 216, मुरैना में 209, निवाड़ी में 204 नए कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में 12062 नए कोरोना संक्रमित मरीज सामने आए हैं। इस आंकड़े के साथ प्रदेश में अब तक कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 6,00,430 पहुंच गया है।
वहीं जानकारी के मुताबिक प्रदेश में 24 घंटे में 93 मरीजों की मौत हुई है। वहीं अब तक इस कोरोना महामारी के मरने वालों की संख्या 5,905 हो गई है। सोमवार को कोरोना के सबसे ज्यादा मामले इंदौर शहर में मिले हैं। यहां 1787 नए मामले सामने आए हैं। वहीं इसके बाद राजधानी भोपाल दूसरे नंबर पर बनी हुई है। यहां 1669 नए मामले सामने आए हैं। वहीं ग्वालियर में 910 एवं जबलपुर में 739 नए कोरोना मरीजों की पुष्टि हुई है। बता दें कि प्रदेश में संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए कोरोना कर्फ्यू अभी भी जारी है। हालांकि कई जिलों में कोरोना संक्रमण की रफ्तार को देखते हुए कुछ छूट दी गई है। वहीं कई जिलों में लॉकडाउन और कोरोना कर्फ्यू का सख्ती से पालन किया जा रहा है।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us