श्रीनगर में इस मौसम की सबसे ठंडी रात

श्रीनगर, 19 दिसंबर (भाषा) श्रीनगर में शनिवार की रात इस मौसम की सबसे सर्द रात रही और शहर में पारा लगातार शून्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी।
घाटी में सोमवार से ‘चिल्लई-कलां’ शुरू हो रहा है। यह 40 दिन की अवधि होती है और इस दौरान तापमान में अधिकतम गिरावट आती है और बर्फ गिरने की संभावना काफी होती है।
मौसम अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में बीती रात तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो कि इससे पहली की रात शून्य से 6.0 डिग्री सेल्सियस से कम है।
अधिकारियों ने बताया कि दक्षिणी कश्मीर के पहलगाम में पारा शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जो कि जम्मू-कश्मीर का सबसे ठंडा स्थान रहा। वहीं गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं कुपवाड़ा में न्यूनतम तापमान शून्य से छह डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने कहा कि इस महीने के अंत तक बड़ी बर्फबारी का पूर्वानुमान नहीं है। हालांकि सोमवार और मंगलवार को कश्मीर के दूरदराज इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हो सकती है।
भाषा स्नेहा मनीषा
मनीषा