Advertisment

पाकिस्तान में हिंदू मंदिर पर हमला करने के आरोप में दस और गिरफ्तार

author-image
Bhasha
ब्रिटेन ने अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए कोविड-19 की जांच अनिवार्य की

पेशावर, दो जनवरी (भाषा) पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में एक कट्टरपंथी इस्लामिक पार्टी के सदस्यों के नेतृत्व में भीड़ द्वारा एक हिंदू मंदिर में की गई तोड़फोड़ की घटना में शामिल होने के आरोप में पुलिस ने रात भर की गई छापेमारी के दौरान दस और लोगों को गिरफ्तार किया है।

Advertisment

इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किये गये आरोपियों की संख्या बढ़कर 55 हो गई है।

खैबर पख्तूनख्वा में करक जिले के टेरी गांव में कुछ लोगों ने बुधवार को मंदिर के विस्तार कार्य के खिलाफ उसमें तोड़फोड़ की और आग लगा दी थी। इस घटना के सिलसिले में दर्ज की गई प्राथमिकी में 350 से अधिक लोगों के नाम हैं।

प्राथमिकी में जिन अन्य आरोपियों के नाम हैं, उनकी तलाश की जा रही है।

इस मंदिर में एक हिंदू धार्मिक नेता की समाधि थी। मंदिर की दशकों पुरानी इमारत के जीर्णोद्धार के लिए हिंदू समुदाय ने स्थानीय अधिकारियों से अनुमति ली थी।

Advertisment

कुछ स्थानीय मौलवियों और जमीयत उलेमा-ए-इस्लाम पार्टी (फजल उर रहमान समूह) के समर्थकों की अगुवाई में भीड़ ने पुराने ढांचे के साथ-साथ नए निर्माण कार्य को ध्वस्त कर दिया।

मानवाधिकार कार्यकर्ताओं और अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय के नेताओं ने मंदिर पर हमले की कड़ी निंदा की है।

भारत ने भी मंदिर में तोड़फोड़ की घटना को लेकर पाकिस्तान के समक्ष विरोध दर्ज कराया और इस घटना के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किये जाने की मांग की है।

Advertisment

सूत्रों ने नई दिल्ली में शुक्रवार को बताया था कि राजनयिक माध्यम से पाकिस्तान के समक्ष विरोध दर्ज कराया गया है।

इस बीच पाकिस्तान के विदेश कार्यालय ने हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की घटना को लेकर भारत के विरोध को शनिवार को ‘‘पूरी तरह से अनुचित’’ करार दिया।

भाषा

देवेंद्र मनीषा

मनीषा

Advertisment
चैनल से जुड़ें