/bansal-news/media/post_attachments/PRD_BansalNews/nkjoj-5.webp)
Stock Market Update
हाइलाइट्स
- बुरी तरह लुढ़का पाकिस्तान का शेयर बाजार
- भारत के सेंसेक्स में आया उछाल
- 4 परसेंट तक की आई गिरावट
Pakistan Stock Market Crash : पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव का सीधा असर अब दोनों देशों के शेयर बाजारों पर दिखने लगा है। जहां पाकिस्तान का शेयर बाजार बुरी तरह लुढ़क गया है, वहीं भारत के बाजारों में मजबूती देखने को मिल रही है।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले से शुरू हुआ युद्ध
22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें से अधिकांश सैलानी थे। इस हमले के पीछे पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों का हाथ माना जा रहा है। इसके बाद से दोनों देशों के बीच भू-राजनीतिक तनाव चरम पर पहुंच गया है।
लुढ़का पाकिस्तान का शेयर बाजार
इसका प्रभाव पाकिस्तान स्टॉक एक्सचेंज पर साफ देखा गया। कराची स्टॉक एक्सचेंज का बेंचमार्क KSE-100 इंडेक्स 23 अप्रैल से 5 मई के बीच लगभग 3.7% गिर चुका है। 30 अप्रैल को बाजार में सबसे बड़ी गिरावट देखी गई, जब KSE-100 इंडेक्स 3,545 अंकों की भारी गिरावट के साथ 111,326.57 पर बंद हुआ। इस दिन LUCK, ENGROH, UBL, PPL और FFC जैसे प्रमुख शेयरों में जबरदस्त बिकवाली हुई, जिससे इंडेक्स में 1,100 अंक से ज्यादा की गिरावट आई।
हालांकि 2 मई को बाजार ने 2.5% की रिकवरी दिखाई, लेकिन जानकारों का मानना है कि यह सुधार अस्थायी है और मौजूदा तनावपूर्ण माहौल में बाजार फिर से दबाव में आ सकता है।
भारतीय बाजार में दिखी मजबूती
दूसरी ओर, भारत के शेयर बाजार पर इस तनाव का अपेक्षाकृत सकारात्मक असर देखने को मिला। BSE सेंसेक्स 1.5% तक चढ़ा है। ब्रोकरेज फर्म आनंद राठी के मुताबिक, अगर संसद हमले (2001) को छोड़ दें, तो भारत-पाक तनाव के समय भारतीय शेयर बाजारों में 2% से अधिक की गिरावट नहीं देखी गई है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर हालात और बिगड़ते हैं, तब भी निफ्टी 50 में अधिकतम 5-10% की ही गिरावट संभावित है।
इस घटनाक्रम से यह स्पष्ट हो गया है कि निवेशकों का भरोसा भारतीय अर्थव्यवस्था और बाजारों में कहीं अधिक मजबूत बना हुआ है, जबकि पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति नाजुक बनी हुई है।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us