डीजीपी के केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने से राज्य पुलिस का मनोबल प्रभावित होगाः फडणवीस

नागपुर 31 दिसंबर (भाषा) भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस ने बृहस्पतिवार को कहा कि महाराष्ट्र के पुलिस महानिदेशक सुबोध कुमार जायसवाल के राज्य के बाहर प्रतिनियुक्ति पर जाने से पुलिस बल का मनोबल प्रभावित होगा।
महाराष्ट्र कैडर के आईपीएस अधिकारी जायसवाल को बुधवार को केंद्रीय औद्योगिक पुलिस बल (सीआईएसएफ) का महानिदेशक नियुक्त किया गया था।
पूर्व मुख्यमंत्री फडणवीस ने दावा किया कि डीजीपी को शिवसेना-राकांपा-कांग्रेस सरकार ने दरकिनार कर दिया था।
उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘ हमारे पास बहुत सक्षम डीजीपी थे। हालांकि, पिछले कई महीनों से पुलिस विभाग को उन्हें विश्वास में लिए बिना चलाया जा रहा था।’
उन्होंने आरोप लगाया, ‘ यह पहली बार हुआ है। इस बर्ताव से जायसवाल परेशान होकर राज्य से बाहर प्रतिनियुक्ति पर चले गए।’
उन्होंने कहा, ‘गृह मंत्री और मुख्यमंत्री का काम देखरेख का है। गृह विभाग अब मामूली तबादलों में भी हस्तक्षेप कर रहा है, जिसने डीजीपी को प्रतिनियुक्ति पर जाने को मजबूर कर दिया।’
भाजना नेता ने कहा, ‘ महाराष्ट्र में ऐसा पहली बार हो रहा है और यह गर्व की बात नहीं है …. यह निश्चित रूप से पुलिस विभाग के मनोबल को प्रभावित करेगा।’
गृह राज्य मंत्री शंभुराजे देसाई ने संपर्क करने पर कहा कि जायसवाल ने खुद आग्रह किया था कि उन्हें प्रतिनियुक्ति पर जाने की इजाजत दी जाए।
भाषा
नोमान अविनाश
अविनाश