pc- twitter (@DograEditor)
भोपाल। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के सोशल मीडिया पर दिए लोकतंत्र के बयान पर फिर से राजनीति गरमा गई है। हाल ही में सिंधिया को लेकर बयान देने के बाद राहुल गांधी को भाजपा ने घेरने का प्रयास किया था। इसके बाद राहुल गांधी ने एक और बयान दिया है। इस बयान को लेकर वह काफी विवादों में घिर गए हैं। अब राहुल के बयान को लेकर सीएम शिवराज सिंह ने भी पलटवार कर कांग्रेस पार्टी पर हमला बोला है।
दरअसल राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा था कि भारत में अब लोकतंत्र खत्म हो गया है। इसके बाद उन्हें ट्विटर पर भी काफी लोगों की आलोचना का सामना करना पड़ा। अब सीएम शिवराज सिंह ने भी राहुल के बयान पर पलटवार किया है। राहुल को आड़े हाथों लेते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि गांधी परिवार द्वारा लगाई गई देश में इमरजेंसी कोई भूला नहीं है।
आपातकाल की दिलाई याद
कांग्रेस ने लोकतंत्र को धता बताते हुए देश में आपातकाल लगाया था। ऐसे लोग देश में लोकतंत्र को खतरे में बता रहे हैं। यह बेहद निंदनीय है। शिवराज ने कहा कि गांधी परिवार ने देश में आपातकाल लगाते हुए हजारों लोगों को जेल में डाल दिया था। लोगों के लिखने और बोलने पर प्रतिबंध लगा दिया था। आज वही लोग भारत के लोकतंत्र पर सवाल खड़े कर रहे हैं। इतना ही नहीं शिवराज सिंह ने पूछा कि अगर भारत में लोकतंत्र नहीं है तो मप्र में सरकार कैसे बना ली।
छत्तीसगढ़, राजस्थान और मप्र के पिछले चुनावों में जीत कैसे हासिल की है। क्या देश में जिस जगह ही सरकार है केवल वहीं लोकतंत्र बचा है? सीएम शिवराज ने कहा कि जिनमें खुद कुछ करने की क्षमता नहीं होती वे ही दूसरों की कमियां बताते हैं। कांग्रेस की हालात कुछ इस तरह है कि 100-100 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली। सिंह ने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार ने जनता के लिए काम किया है। इसलिए जनता को भाजपा में भरोसा है।
बता दें कि अपने बयानों को लेकर राहुल गांधी काफी सुर्खियों में रहे हैं। हाल ही में उन्होंने भाजपा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को लेकर कहा था कि वह केवल कांग्रेस में ही सीएम बन सकते थे। इस बयान को लेकर भी भाजपा नेताओं ने राहुल गांधी पर पलटवार किया था। इसके बाद उन्होंने ट्विटर के जरिए कहा था कि भारत में अब लोकतंत्र नहीं बचा है।