/bansal-news/media/post_attachments/wp-content/uploads/2024/06/dsp.jpg)
भोपाल। मैदानी पुलिसकर्मियों के बाद अब इंस्पेक्टर रैंक के पुलिस अधिकारियों के प्रमोशन को लेकर एक बड़ी खबर आई है। अब इंस्पेक्टर तक के अधिकारियों का प्रमोशन का रास्ता साफ हो गया है। अब प्रदेश के 160 इंस्पेक्टर्स को डीएसपी का पदभार सौंपा जाएगा। इसके लिए सोमवार को गृह विभाग ने आदेश जारी कर दिए हैं। प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि प्रदेश में डीएसपी के 160 रिक्त पदों का प्रभार इंस्पेक्टर यानी टीआई को सौंपे जाने की अनुमति दी गई है।
उच्च पद का प्रभार सौंपने के लिये मध्य प्रदेश राजपत्र में अधिसूचना प्रकाशित कर दी गई है। पुलिस रेग्युलेशन एक्ट की धारा-45 में 45 (क) को जोड़ा गया है। इस नियम के अनुसार प्रदेश में खाली पड़े 160 डीएसपी के पदों का प्रभार इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों का सौंपा जाएगा। इस नियम के बाद इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों के प्रमोशन का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि इन अधिकारियों को केवल पद में प्रमोशन मिलेगा लेकिन वेतन इंस्पेक्टर की ही मिलेगी। डीएसपी के पदभार के बाद अधिकारियों को डीएसपी की वेतन का लाभ नहीं मिल सकेगा।
जूनियर स्टाफ को सौंप रहे पदभार
प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि पुलिस विभाग की कार्य-प्रणाली को चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के लिए पिछले काफी समय से खाली पड़े पदों का प्रभार जूनियर स्टाफ को सौंपा जा रहा है। इसको लेकर काफी विचार किया गया है। इसके बाद पुलिस रेग्युलेशन एक्ट की धाराओं में सरकार ने संशोधन कर यह आदेश जारी किया है। इसके तहत अब जूनियर अधिकारियों को भी बड़े पदों का प्रभार सौंपा जा सकेगा। अभी तक कांस्टेबल स्तर से लेकर सब इंस्पेक्टर स्तर तक के अधिकारियों को उच्च पद का प्रभार सौंपा जा चुका है। अब प्रदेश में खाली पड़े 160 डीएसपी के पदों का प्रभार इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारियों को सौंपा जा रहा है। इसके लिए जल्द ही प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us