छत्तीसगढ़ के राजिम में इस दिन से कुंभ का आयोजन: CM साय ने तैयारियों को लेकर की बैठक, श्रद्धालुओं के लिए होगी ये व्यवस्था

Rajim Kumbh Mela 2025: छत्तीसगढ़ के राजिम में इस दिन से कुंभ का आयोजन, CM साय ने तैयारियों को लेकर की बैठक, श्रद्धालुओं के लिए होगी ये व्यवस्था

Rajim Kumbh Mela 2025

Rajim Kumbh Mela 2025: छत्तीसगढ़ के राजिम में 12 फरवरी से 26 फरवरी 2025 तक कुंभ कल्प का भव्य आयोजन होने जा रहा है, जिसे प्रयाग के रूप में जाना जाता है। इस वर्ष यह धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन 52 एकड़ क्षेत्र में बने नए मेला स्थल पर आयोजित होगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंत्रालय के महानदी भवन में राजिम कुंभ कल्प की तैयारियों को लेकर एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की और विभिन्न आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने शाही स्नान, गंगा आरती, संत समागम जैसे प्रमुख आयोजनों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं प्रदान करने की बात की।

राजिम कुंभ कल्प

CM ने श्रद्धालुओं का विशेष ध्यान रखने को कहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजिम कुंभ कल्प 2025 एक अद्वितीय धार्मिक, सांस्कृतिक और आस्थामय आयोजन होगा, जो छत्तीसगढ़ की समृद्ध परंपराओं और संस्कृति को प्रदर्शित करेगा। उन्होंने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि श्रद्धालुओं को यहां एक यादगार अनुभव प्राप्त हो और आयोजन छत्तीसगढ़ की गौरवशाली धरोहर को देश-दुनिया तक पहुंचाए।

मुख्यमंत्री ने समस्त विभागों और प्रशासन को आपस में समन्वय स्थापित कर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा।

अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू ने तैयारियों की दी जानकारी 

मुख्यमंत्री ने माघी पुन्नी स्नान (12 फरवरी), जानकी जयंती (21 फरवरी) पर संत समागम और शाही स्नान (26 फरवरी) के आयोजन की तैयारियों पर जोर दिया। अपर मुख्य सचिव सुब्रत साहू ने बैठक में राजिम कुंभ कल्प 2025 के लिए तैयारियों की जानकारी दी और विभिन्न गतिविधियों के लिए निर्धारित स्थानों को लेकर प्रस्तुति दी। उन्होंने विभागों की तैयारियों से भी अवगत कराया।

राजिम कुंभ कल्प 2025 की शुरुआत 12 फरवरी को माघी पूर्णिमा के दिन होगी और इसका समापन 26 फरवरी को महाशिवरात्रि के दिन होगा। यह आयोजन पैरी, महानदी और सोंढूर नदी के संगम स्थल पर होगा, जहां श्रद्धालु इन पवित्र नदियों में स्नान कर पुण्य प्राप्त करेंगे।

पर्यटन विभाग को नोडल एजेंसी के रूप में किया गया नियुक्त 

इस आयोजन के लिए पर्यटन विभाग को नोडल एजेंसी के रूप में नियुक्त किया गया है। 15 दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में साधु संतों का बड़ा समागम, माघी पुन्नी स्नान, शाही स्नान, जानकी जयंती पर संत समागम, सांस्कृतिक गतिविधियां, मेला, मड़ई, मीना बाजार और विभागीय प्रदर्शनी प्रमुख आकर्षण होंगे।

बैठक में विधायक रोहित साहू, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, सचिव धर्मस्व अन्बलगन पी., संस्कृति निदेशक विवेक आचार्य, आईजी रायपुर अमरेश मिश्रा, कलेक्टर गरियाबंद दीपक अग्रवाल और अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ की नगर पालिकाओं में प्रशासकों की नियुक्ति: आज इन पालिकाओं का कार्यकाल समाप्त, अब SDM संभालेंगे जिम्मेदारी

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article