Satna News: सतना में रेलवे पुलिस ने पकड़ी लाखों की नगदी, 80 लाख से ज्यादा का माल लेकर जा रहा था मुंबई…

सतना। प्रदेश के सतना जिले की रेलवे पुलिस ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपित को पकड़ा है जो अपने साथ लाखों रुपए की नगदी और सोना-चांदी लेकर मुंबई रवानगी की फिराक में था। पुलिस ने आरोपित को संदेह की दृष्टि से रोका और जब बैग की जांच की आंखें खुली की खुली रह गईं। आरोपित के बैग में 32 लाख रुपए की नगदी और 50 लाख से ज्यादा का सोना पकड़ा गया है। इसके बाद आरोपित को हिरासत में ले लिया गया है।
पुलिस ने संपत्ति जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि जबलपुर रेलवे के पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन के निर्देशानुसार स्टेशन पर चैकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान शाम पांच के बजे के करीब एक व्यक्ति काले बैग के साथ स्टेशन में घुसा। जब पुलिस ने व्यक्ति को रोका तो वह घबरा गया। इसके बाद पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली। इसमें 32 लाख रुपए की नगदी, 55 लाख का सोना और सात हजार रुपए की चांदी बरामद की गई है। पुलिस ने मामले की जानकारी अपने अधिकारियों को दी।
संपत्ति कर ली जब्त
आरोपित को हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया। यहां पुलिस ने आरोपित से जानकारी मांगी तो आरोपित ने बताया कि वह मुंबई का कारोबारी है और सतना में व्यापार करके वापस जा रहा था। हालांकि जीआरपी को इसके पास से फर्जी पर्ची नुमा कागज के अलावा उपयुक्त सामान व नकदी का दस्तावेज नहीं मिला, न ही परिवहन के संबंध में अधिकार पत्र मिला। पुलिस ने संपत्ति को जब्त कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि 45 वर्षीय भारत तुलसीदास खूबचंदानी पिता तुलसीदास सातरामदास खूबचंदानी निवासी झूलेलाल ट्रस्ट विद्यालय के पास बाबा बेफिक्री चौक सिरू चौक उल्हासनगर जिला ठाड़े महाराष्ट्र है। आरोपित संपत्ति के संबंध में पर्याप्त जानकारी नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने संपत्ति को जब्त कर लिया है। आरोपित से आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं मामले की जांच के लिए आयकर विभाग को इसकी जानकारी दी गई है।