उपचुनाव में प्रियंका गांधी करेंगी कांग्रेस का प्रचार, स्टार प्रचारक रूप में सचिन पायलट को मैदान में उतार सकती पार्टी

image source :anandabazar.com
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा उपचुनावों में कांग्रेस सचिन पायलट को स्टार प्रचारक के रूप में ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ मैदान में उतार सकती है। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के पूर्व सीएम कमलनाथ ने उपचुनावों में प्रचार के लिए सचिन पायलट की मांग आलाकमान से की है। पायलट के नजदीकी सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है। मध्यप्रदेश में 28 सीटों पर विधानसभा उपचुनाव होने हैं।
औपचारिक निर्देश प्राप्त नहीं हुआ
कमलनाथ की सरकार गिराने के लिए ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में जिन कांग्रेसी विधायकों ने इस्तीफे दिए थे अब उन्हीं सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। इनमें से 16 सीटें चंबल और ग्वालियर इलाके से हैं। इनमें से भी 9 सीटें गुर्जर जाति के बाहुल्य वाली हैं। ऐसे में कमलनाथ चाहते हैं कि सचिन पायलट इस सीटों पर प्रचार के लिए उतरें। हालांकि पायलट को इस बारे में अब तक आलाकमान से औपचारिक निर्देश प्राप्त नहीं हुआ है। लेकिन कमलनाथ ने पायलट को अपने खेमें में लाने के लिए पूरा जोर लगा दिया है।
सिंधिया के खिलाफ प्रचार करेंगे
राजस्थान विधानसभा के चुनावों के दौरान गुर्जर बाहुल्य सीटों पर पायलट का प्रभाव स्पष्ट नजर आया था। कांग्रेस में सबसे ज्यादा गुर्जर प्रत्याशी विधायक का चुनाव जीते जबकि भाजपा का कोई भी गुर्जर प्रत्याशी चुनाव नहीं जीत पाया। हालांकि सियासत के इतर पायलट और ज्योतिरादित्य के बीच काफी घनिष्ट संबंध हैं। ऐसे में विधानसभा उपचुनावों में पायलट और सिंधिया एक दूसरे के खिलाफ मैदान में कैसे उतरेंगे यह देखने वाली बात होगी। सचिन पायलट भी एमपी में सिंधिया के खिलाफ प्रचार करेंगे।
प्रियंका गांधी कांग्रेस का प्रचार करेंगी
उधर खबर आ रही है कि मध्य प्रदेश उपचुनाव में प्रियंका गांधी कांग्रेस का प्रचार करेंगी। बताया जा रहा है कि चुनाव की तारीखों के ऐलान के बाद प्रियंका गांधी एमपी आएंगी। प्रियंका का फोकस ग्वालियर-चंबल पर होगा। जानकारी के अनुसार प्रियंका सड़क के रास्ते आगरा से धौलपुर होते हुए मुरैना पहुंचेंग और अंबाह,दिमनी,मेहगांव,गौहद और ग्वालियर पूर्व में रोड शो करेंगी। ग्वालियर,डबरा,भांडेर विधानसभा में रोड शो और सभाओं प्रियंका हिस्सा लेंगी। इसके बाद प्रियंका गांधी पीतांबरा मां के दर्शन कर झांसी होते हुए दिल्ली जा सकती हैं।