Advertisment

पोस्ट कोविड-19 स्वास्थ्य समस्याओं का विषेष अध्ययन होगाः गहलोत

author-image
Bhasha
देश में रविवार तक कुल 2,24,301 लाभार्थियों को कोविड-19 का टीका लगाया गया: सरकार

जयपुर, दो जनवरी (भाषा) राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार कोरोना वायरस महामारी के रोगियों के ठीक होने के बाद भी स्वास्थ्य पर होने वाले दुष्प्रभावों का गहन अध्ययन एवं विश्लेषण करवाएगी।

Advertisment

उन्होंने राज्य के विशेषज्ञ चिकित्सकों से कहा कि कोरोना वायरस के मानव शरीर पर होने वाले दुष्प्रभावों को रोकने के लिए प्रभावी प्रोटोकाल तैयार करने के लिए विशेष टीमें बनाकर अनुसंधान किया जाए।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को ’पोस्ट-कोविड’ स्वास्थ्य समस्याओं के बारे में जागरूकता के लिए विशेष अभियान चलाने के लिए निर्देशित किया।

गहलोत शनिवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों के समूह के साथ प्रदेश में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा कर रहे थे।

Advertisment

उन्होंने कहा कि कोविड-19 से ठीक हुए रोगियों में फेफड़ों और दिमाग में संक्रमण, यादाश्त खोने, हृदय रोग तथा डायबिटीज बढ़ने जैसे कई तरह के शारीरिक एवं मानसिक प्रभाव सामने आ रहे हैं। यह चिंता का विषय है।

उन्होंने कहा कि ऐसे रोगियों को भविष्य में स्वास्थ्य परेशानियों का सामना नहीं करना पडे़, इसके लिए पोस्ट कोविड उपचार पर विशेष जोर दिया जाए और इसके लिए कारगर गाइडलाइन तैयार की जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कोरोना रोगियों तक यह जानकारी पहुंचाई जाए कि वे ठीक होने के बाद भी कोई लक्षण दिखने पर समुचित इलाज के लिए चिकित्सक से संपर्क करें।

Advertisment

गहलोत ने कहा कि रात्रिकालीन कर्फ्यू जैसे निर्णयों तथा बेहतरीन प्रबंधन के चलते प्रदेश में कोरोना की स्थिति अब काफी हद तक नियंत्रण में है। मृत्यु दर लगातार कम हो रही है, रिकवरी रेट बढ़ रही है। साथ ही, संक्रमित मामलों की संख्या काफी कम हो गई है।

उन्होंने इन निर्णयों के सकारात्मक परिणामों के मद्देनजर रात्रिकालीन कर्फ्यू सहित विभिन्न गतिविधियों पर प्रतिबंध फिलहाल आगामी कुछ और दिनों तक जारी रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि थोडे़ समय और एहतियात रखने से कोरोना संक्रमण को न्यूनतम स्तर तक लाने में मदद मिलेगी।

Advertisment

मुख्यमंत्री ने कोविड के टीकाकरण के लिए प्रदेश में किए गए ’पूर्वाभ्यास’ की सफलता पर प्रसन्नता जाहिर की। उन्होंने कहा हमारा प्रयास है कि प्रदेश में जल्द से जल्द टीकाकरण शुरू हो और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिले।

भाषा कुंज अर्पणा

अर्पणा

Advertisment
चैनल से जुड़ें