Politics : अयोध्या भूमि ‘‘घोटाले’’ में उप्र सरकार के जांच के आदेश महज दिखावा , उनके नेताओं ने ‘‘लूट’’ मचा रखी है: प्रियंका

Politics : अयोध्या भूमि ‘‘घोटाले’’ में उप्र सरकार के जांच के आदेश महज दिखावा , उनके नेताओं ने ‘‘लूट’’ मचा रखी है: प्रियंका

नई दिल्ली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने बृहस्पतिवार को कहा कि अयोध्या भूमि ‘‘घोटाले’’ में उत्तर प्रदेश सरकार का जांच का आदेश महज दिखावा है, साथ ही उन्होंने उच्चतम न्यायालय से मामले में हस्तक्षेप का अनुरोध किया। प्रियंका ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उच्चतम न्यायालय को मामले पर स्वत: संज्ञान लेना चाहिए और हस्तक्षेप करना चाहिए, क्योंकि अयोध्या में राम मंदिर उसके आदेश के बाद बनाया जा रहा है। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेताओं ने ‘‘लूट’’ मचा रखी है और वे लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहे हैं।

रिश्तेदारों ने जमीन खरीदीं

उन्होंने बताया कि जिले के अधिकारियों द्वारा मामले की जांच महज दिखावा है। राज्य सरकार ने भाजपा नेताओं और सरकारी अधिकारियों के रिश्तेदारों द्वारा अयोध्या में राम मंदिर के पास कथित तौर पर जमीन हड़पने की खबरों की जांच के आदेश दिए हैं। इस मामले पर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (सूचना) नवनीत सहगल ने 'पीटीआई-भाषा' से बुधवार को कहा था, ‘‘मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजस्व विभाग को मामले की गहनता से जांच करने का आदेश दिया है।’’ एक खबर में दावा किया गया है कि राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद में उच्चतम न्यायालय के फैसले से राम मंदिर के निर्माण का रास्ता साफ होने के बाद अयोध्या में विधायकों, महापौरों और आयुक्त, एसडीएम तथा पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) के रिश्तेदारों ने जमीन खरीदीं।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article