क्राइम सीरियल देखकर बनाई लूट की योजना, महिला को चाकू दिखाकर किया कैद, सात साल की बच्ची की सूझबूझ से पकड़ाए बदमाश

इंदौर। प्रदेश में अपराध के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। इंदौर में एक कपड़ा व्यापारी के घर पर बदमाशों ने लूट के इरादे से धावा बोल दिया। कपड़ा व्यापारी की पत्नी को चाकू दिखाकर मकान में घुस गए। व्यापारी की सात साल की बेटी की सूझबूझ से आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी पार्सल देने के बहाने व्यापारी के घर में घुसे और पत्नी को चाकू दिखाकर बंधक बनाने लगे। इतने में व्यापारी की बेटी ने किसी तरह बाहर निकलकर शोर मचाया। इसके बाद पड़ोसी घर में आए तो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। चौंकाने वाली बात है कि लूट का इरादा रखने वाले दो आरोपियों की उम्र मात्र 18 और 19 साल है। इनमें से एक आरोपी मुंबई में रहता है। वहीं दूसरा यहीं इंदौर का रहने वाला है। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह है पूरा मामला…
मामला इंदौर के 85 पलसीकर कॉलोनी की है। यहां एक कपड़ा व्यापारी शुक्रवार को सुबह अपने काम पर चले गए। घर में उनकी पत्नी केसर वाधवानी और एक सात साल की बेटी थी। इसी बीच सुबह 11 बजे दरवाजे पर दस्तक हुई। केसर ने दरवाजा खोला तो एक लड़का पार्सल वाला बताकर खड़ा था। लड़के ने केसर को कहा कि उसका पार्सल है। इसके बाद लड़के ने केसर के ऊपर धावा बोल दिया। केसर जमीन पर गिर गई। लड़के के साथ एक और लड़का आया और दोनों ने केसर को पकड़ लिया। दोनों ने केसर के मुंह पर टेप लगाने का प्रयास किया। इसी दौरान केसर की बेटी आ गई। आरोपियों ने बच्ची को भी एक थप्पड़ मारा तो वह गिर गई।
इसके बाद केसर ने बच्ची को इशारा किया तो वह बाहर भागी। बच्ची ने बाहर जाकर पड़ोसियों को पूरी बात बताई। पड़ोसी घर में घुसे तो आरोपियों को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जूनी इंदौर टीआई आरएनएस भदौरिया ने बताया कि दो बदमाश 18 वर्षीय गौरांश पिता प्रदीप पाटीदार निवासी 86 बी सेक्टर सुदामा नगर औऱ उसके साथी 19 वर्षीय हिमांशु पिता हरिश रोहरा निवासी कामाक्षा अपार्टमेंट फूटी कोठी को गिरफ्तार किया है। दोनों ने अमीर बनने की चाहत से व्यापारी की पत्नी को बंधक बनाकर लूटने की योजना बनाई थी। इसका आइडिया दोनों ने क्राइम सीरियल देखकर बनाई थी। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि लॉकडाउन के कारण काम नहीं होने से वह परेशान थे। इसी दौरान जल्द ही अमीर बनने की इच्छा से दोनों ने लूट की योजना बनाई थी। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।