छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश वासियों के लिए खुशखबरी लेकर आई है। कोरोना के कारण मार्च से ही बंद पड़े सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स को खोलने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। केंद्र सरकार ने अक्टूबर में ही अनलॉक-4 ( Unlock 4 ) के तहत सिनेमाघरों को खोलने की अनुमति दे दी थी। आदेश था कि राज्य सरकारें सुरक्षा व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए सिनेमाघरों को खोलने का निर्णय ले सकती है।
केंद्र के इस आदेश का पालन करते हुए भूपेश सरकार ने प्रदेश के सभी सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स को खोलने की अनुमति दे दी है। राज्य शासन ने सभी कलेक्टरों को दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं। हालांकि अब सिनेमाघर और मल्टीप्लेक्स खोलने के लिए इन्हें एसओपी ( SOP ) का पालन करना होगा।
केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों को कंटेनमेंट जोन (containment zone) के बाहर सिनेमा घरों और स्कूलों को आंशिक तौर पर खोलने की अनुमति दी थी। जिसका पालन करते हुए छत्तीसगढ़ की भूपेश बघेल सरकार ने राज्य के सभी सिनेमाघरों और मल्टीप्लेक्स को खोलने की अनुमति दे दी है। सिनेमाघर कब से खोलना है, इसपर अंतिम निर्णय सिनेमाघर संचालकों की सहमति से ही हो पाएगा।