Vaccination In MP: प्रदेश में 18 साल से ऊपर के लोगों को फ्री लगेगी वैक्सीन, 1 मई से शुरू होगा प्रोग्राम, सीएम ने दी जानकारी

Vaccination In MP: प्रदेश में 18 साल से ऊपर के लोगों को फ्री लगेगी वैक्सीन, 1 मई से शुरू होगा प्रोग्राम, सीएम ने दी जानकारी

भोपाल। प्रदेश में कोरोना महामारी के इस प्रचंड दौर में एक राहत की खबर आई है। अब प्रदेश में 1 मई से 18 साल से ऊपर के लोगों को फ्री में वैक्सीन लगाई जाएगी। सीएम शिवराज सिंह ने बुधवार को इसकी जानकारी दी है। 1 मई से प्रदेशभर में वैक्सिनेशन का प्रोग्राम शुरू हो जाएगा। सीएम शिवराज सिंह ने कैबिनेट बैठक में इसका फैसला लिया है। साथ ही सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि प्रदेश के चार जिलों में ऑक्सीजन का प्लांट भी लगाया जा रहा है।

इससे सभी जगह ऑक्सीजन की भी आपूर्ति होगी। शिवराज सिंह ने बुधवार को कहा कि खंडवा, शिवपुरी, उज्जैन और सिवनी जिले में ऑक्सीजन के प्लांट लगाए जा रहे हैं। इन प्लांट से सभी जगह ऑक्सीजन भेजी जाएगी। साथ ही जबलपुर के प्लांट आज से ही शुरू हो सकता है। इन प्लांट्स का इंस्टालेशन का काम शुरू हो चुका है। इन जिलों के साथ ही रतलाम, मंदसौर और मुरैना जिले में भी ऑक्सीजन का प्लांट लगाया जा सकता है।

कैबिनेट बैठक के बाद सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि कोरोना काल में मजदूरों के लिए काम की व्यवस्था सरकार द्वारा की जा रही है। बता दें कि प्रदेश में लगातार संक्रमण बढ़ता जा रहा है। प्रदेश में पिछले 24 घंटे में 13,107 नए केस सामने आए हैं।

21 लाख मजदूरों को दिया जा चुका है काम
वर्तमान में प्रदेश के 21 लाख मजदूरों को मनरेगा के तहत रोजगार दिया जा चुका है। साथ ही सरकार मजदूरों के लिए 3 महीने का राशन भी फ्री में उपलब्ध करा रही है। सीएम ने कहा कि प्रदेश के मजदूरों को प्रदेश से बाहर जाने की आवश्यकता नहीं है। प्रदेश में लगातार बढ़ते संक्रमण के बीच बुधवार को दोपहर तीन बजे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सीएम हाउस पर आपात बैठक बुलाई थी। इस बैठक में कोरोना के बढ़ते संक्रमण पर चर्चा की गई है।

इस बैठक के बाद सीएम शिवराज सिंह ने प्रदेशवासियों से कोरोना की चेन तोड़ने की अपील की है। सीएम शिवराज सिंह ने कहा, "प्रिय बहनों और भाइयों, यदि कोरोना को हराना है तो संक्रमण की चेन को तोड़ना बेहद आवश्यक है। संक्रमण की चेन तोड़ने के लिए घर पर रहना है।" सीएम शिवराज सिंह ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि लोग खुद अपनी कॉलोनी, मोहल्ले और गांव में खुद ही कर्फ्यू लगा दें। हमें युद्ध स्तर पर कोरोना से लड़कर हराना है। यह समय विकट है।

हमें मिलकर कोरोना महामारी को हराना है। बता दें कि बुधवार को सीएम हाउस पर कोरोना संक्रमण को देखते हुए आपात बैठक बुलाई गई थी। इस बैठक में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article