/bansal-news/media/media_files/2026/02/27/weekend-ott-release-2026-02-27-17-30-48.jpg)
Weekend OTT Release: फरवरी का महीना खत्म होने वाला है। इसी के साथ यह हफ्ता भी खत्म होने जा रहा है। लेकिन मनोरंजन के लिहाज से यह वीकेंड काफी शानदार होने वाला है। होली से पहले मस्ती का भरपूर माहौल है। वहीं, मनोरंजन के लिए ओटीटी पर भी खूब बढ़िया इंतजाम हैं। सस्पेंस से लेकर थ्रिलर और कॉमेडी तक हर किस्म का ऑप्शन दर्शकों के लिए मौजूद है। तो आइए नजर डालते हैं इस हफ्ते की ओटीटी रिलीज पर।
यह है OTT फिल्मों और शोज की पूरी लिस्ट
एक्यूज्ड
अनुभूति कश्यप की साइकोलॉजिकल थ्रिलर में कोंकणा सेन शर्मा हैं, जिन्होंने एक्यूज्ड में एक जानी-मानी गायनेकोलॉजिस्ट का रोल निभाया है, उनकी जिंदगी में तब बड़ा तूफान आ जाता है जब वह गंभीर सेक्सुअल मिसकंडक्ट के आरोपों में उलझ जाती हैं। इस ड्रामा में प्रतिभा रांटा भी शर्मा की पार्टनर हैं, जो शक और दबाव से जूझ रही हैं। ये शुक्रवार, 27 फरवरी से ओटीटी के प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।
द ब्लफ
बॉलीवुड की देसी गर्ल प्रियंका चोपड़ा की हॉलीवुड फिल्म 'द ब्लफ' ओटीटी पर आ चुकी है। इस वीकेंड आप इसे देख सकते हैं। यह फिल्म 25 फरवरी को प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई है। यह एक एक्शन थ्रिलर फिल्म है। इसका निर्देशन फ्रैंक ई फ्लॉवर ने किया है। कहानी के केंद्र में एर्सेल ‘ब्लडी मैरी’ बोडेन (प्रियंका चोपड़ा जोनस) हैं, जो कभी एक खतरनाक समुद्री डाकू रही है।
इक्कीस
दिवंगत एक्टर धर्मेंद्र की आखिरी फिल्म 'इक्कीस' सिनेमाघरों के बाद अब ओटीटी पर दस्तक दे चुकी है। इस फिल्म के जरिए अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा ने बड़े पर्दे पर डेब्यू किया। श्रीराम राघवन के निर्देशन में बनी फिल्म 'इक्कीस' इस साल पहली जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। यह बायोग्राफिकल वॉर ड्रामा फिल्म है, जो सेकंड लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल पर आधारित है। अगस्त्य नंदा ने लीड रोल अदा किया है। यह फिल्म गुरुवार 26 फरवरी को प्राइम वीडियो पर रिलीज हो चुकी है।
वन बैटल आफ्टर अनअदर (One Battle After Another)
ऑस्कर 2026 में 13 नॉमिनेशन पाने वाली, 6 बाफ्टा अवॉर्ड जीतने वाली और 4 गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड पाने वाली 'वन बैटल आफ्टर अनअदर' आखिरकार OTT पर रिलीज हो रही है। लियोनार्डो डिकैप्रियो ने इसमें बॉब का रोल किया है, जो एक पुराना क्रांतिकारी है और अब छिपकर रह रहा है। उसका अतीत धोखे, हिंसा और रेडिकल ग्रुप फ्रेंच 75 के साथ बिताए अनसुलझे गुनाहों से भरा है। लेकिन कहानी में ट्विस्ट तब आता है, जब उसका पुराना दुश्मन (शॉन पेन) 16 साल बाद वापस लौटता है। यह दुश्मन उसकी बेटी (चेस इनफिनिटी) को किडनैप कर लेता है। बॉब उसे ढूंढने के लिए दौड़ लगाता है। जबकि पिता और बेटी के रिश्ते का अतीत भी अनसुलझा सा है। पॉल थॉमस एंडरसन के डायरेक्शन में बनी इस 161 मिनट की ब्लैक कॉमेडी एक्शन ड्रामा में बेनिसियो डेल टोरो और तेयाना टेलर भी हैं। इसे आप जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं।
'साइको सैयां'
इसके अलावा इस वीकेंड पर रोमांटिक थ्रिलर सीरीज 'साइको सैयां' भी देखी जा सकती है। तेजस्वी प्रकाश, रवि किशन और अनुद सिंह ढाका जैसे सितारों से सजी इस सीरीज ने 24 फरवरी को प्राइम वीडियो पर दस्तक दी थी। कहानी में उज्जैन का रहने वाला शायरी पसंद करने वाला लड़का कार्तिक (अनुद सिंह ढाका) है। उसे चारू (तेजस्वी प्रकाश) से प्यार है। कार्तिक को लगता है कि चारू उसकी जिंदगी को पूरी करती है। लेकिन जैसे-जैसे उसकी भावनाएं गहरी होती जाती हैं, मोहब्बत की डोर को थामे रखने की जरूरत भी बढ़ती जाती है। वह चारू के पीछे-पीछे शहरों में भटकता है। अपने रास्ते में आने वाले किसी भी इंसान को चैलेंज करता है। लेकिन इस बीच रवि किशन का किरदार एंट्री लेता है, जिसके बाद चीजें अचानक बदल जाती हैं।
संगमरमर
सूरज बड़जात्या के राजश्री प्रोडक्शन के बैनर तले बनी 'संगमरमर' कई पीढ़ियों की फैमिली ड्रामा सीरीज है। इसका प्लॉट 25 साल तक चलता है, जिसमें अमृता (शीन सविता दास) की कहानी है। उसकी जिंदगी परिवार की जिम्मेदारी और आदित्य (सौरभ राज जैन) के साथ प्यार के बीच एक अहम चुनाव से बदल जाती है। वह अपने सपनों के बजाय परिवार की जिम्मेदारी चुनती है। यह सब्र और अटूट प्यार की कहानी है। सीरीज में स्मिता बंसल, खालिद सिद्दीकी और फारूक सईद भी हैं। आप इसे जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं।
सीक्रेट स्टोरीज: रोजलिन
साइकोलॉजिकल थ्रिलर वेब सीरीज 'सीक्रेट स्टोरीज: रोजलिन' वैसे तो मूल रूप से मलयालम में बनी है, लेकिन इसे हिंदी में भी स्ट्रीम कर सकते हैं। 'दृश्यम' फ्रेंचाइज के डायरेक्टर जीतू जोसेफ इसके शोरनर हैं। सीरीज को सुमेश नंदकुमार ने डायरेक्ट किया है, जो 'दृश्यम 2' जैसी फिल्मों में जीतू जोसेफ के असिस्टेंट रहे हैं। कहानी रोजलिन (संजना दीपू) की है, जो एक टीनएजर पढ़ाकू लड़की है। रोजलिन को बार-बार बुरे सपने आने लगते हैं। उसे एक हरी आंखों वाला अनजान आदमी दिखता है, जो उसे मारने की कोशिश कर रहा है। रोजलिन जब अपनी मां, शोभा (मीना) को सपनों के बारे में बताती है, तो वह उसे ओवरएक्टिव इमैजिनेशन कहकर नजरअंदाज कर देती है। पिता जॉन (विनीत) के कहने पर वह थेरेपी शुरू करती है। हालात तब बदल जाते हैं, जब जेरी (हक्किम शाह) नाम का एक मेहमान उनके घर आता है। सिहरन पैदा करने वाली बात ये कि जेरी वही हरी आंखों वाला इंसान है, जो रोजलिन के सपनों में आता है। आप इसे जियो हॉटस्टार पर देख सकते हैं।
यह भी पढ़ें: The Kerala Story 2: द केरल स्टोरी 2 की रिलीज पर लगी अंतरिम रोक, हाई कोर्ट ने लगाई सेंसर बोर्ड को फटकार
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us