/bansal-news/media/post_attachments/wp-content/uploads/2024/06/gurjot.jpg)
नई दिल्ली। (भाषा) दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने लाल किला पर धार्मिक झंडा लगाने से जुड़े मामले के संबंध में पंजाब से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि आरोपी का नाम गुरजोत सिंह है। पुलिस उपायुक्त (विशेष प्रकोष्ठ) संजीव कुमार यादव ने बताया, “सिंह को पंजाब में अमृतसर से गिरफ्तार किया गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए एक लाख रुपये का ईनाम घोषित किया गया था।”
केंद्र के तीन नये कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हजारों किसानों की 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड के दौरान पुलिस से झड़प हो गई थी। ट्रैक्टर चला रहे कई प्रदर्शनकारी लाल किले पहुंचकर, इस ऐतिहासिक धरोहर के भीतर प्रवेश कर गए थे। कुछ प्रदर्शनकारियों ने इसके गुंबद और इसकी प्राचीर पर धार्मिक झंडे भी लगा दिए थे जहां स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है।
कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों को पुलिस ने 26 जनवरी को शांतिपूर्ण तरीके से ट्रैक्टर रैली करने की अनुमति दी थी, लेकिन ट्रैक्टर के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर करीब तीन सौ उपद्रवी लाल किले पर पहुंच गए थे। वहां उन्होंने लाल किले के अंदर बलपूर्वक प्रवेश कर जमकर उत्पात मचाया। एक समय तो ऐसा आया कि उपद्रवियों ने लाल किले पर कब्जा कर लिया था। आरोपपत्र में पुलिस ने कहा कि यह सुनियोजित घटना थी यह इससे भी पता चलता है कि दंगाइयों ने सुरक्षाकर्मियों पर जानलेवा हमला किया। इस बाबत दिल्ली पुलिस ने विभिन्न स्तर पर जांच कर 43 एफआईआर दर्ज की हैं। अब तक करीब 150 गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us