Chhatarpur News: अब पन्ना नहीं छतरपुर जिले के बक्सवाहा जंगलों में मिला देश का सबसे बड़ा हीरा भंडार, 2.15 लाख पेड़ कटेंगे

छतरपुर। देश का सबसे बड़ा हीरा भंडा अब प्रदेश के छतरपुर जिले में मिला है। इस जिले में आने वाले बकस्वाहा के जंगल की जमीन में 3.42 करोड़ कैरेट हीरे दबे होने का अनुमान है। अब यहां से हीरे निकालने के लिए 382.131 हेक्टेयर के जंगल को काटा जाएगा। इसके बाद यहां हीरों की खुदाई की जाएगी। वन विभाग ने इस जंगल में लगे पेड़ों की गिनती भी कर ली है। बक्सवाहा के इस जंगल में 2,15,875 पेड़ों को काटा जाएगा।
40 हजार पेड़ सागौन के अलावा तेंदू, जामुन, बहेड़ा, केम, पीपल, अर्जुन जैसे औषधीय पेड़ इस जंगल में लगे हुए हैं। अब यह देश का सबसे बड़ा हीरा भंडार उभरकर सामने आया है। अभी तक प्रदेश के पन्ना जिलो को सबसे बड़ा हीरा भंडार माना जाता था। पन्ना की जमीन में कुल 22 लाख केरेट के हीरे हैं। अब तक यहां से 13 लाख केरेट के हीरे निकाले जा चुके हैं। वहीं 9 लाख केरेट के हीरे अभी निकालना बाकी है। वहीं बक्सवाहा में 3.42 करोड़ कैरेट हीरे दबे होने का अनुमान है। यह पन्ना जिले से 15 गुना अधिक है।
20 साल पहले शुरू हुआ था सर्वे…
गौरतलब है कि आज से करीब 20 साल पहले इस जमीन का सर्वे शुरू किया गया था। यहां का सर्वे बंदर डायमंड प्रोजेक्ट के तहत किया गया था। दो साल पहले प्रशासन ने इस जमीन की नीलामी की थी। इस जमीन को आदित्य बिड़ला समूह की की एस्सेल माइनिंग एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने सबसे ज्यादा बोली लगाकर लीज पर लिया है। सरकार यह जमीन बिड़ला कंपनी को 50 सालों के लिए लीज पर दे रही है। इस जंगल में 62.64 हेक्टेयर क्षेत्र हीरे निकालने के लिए चुना गया है।