अब नक्सलियों के निशाने पर प्रशासनिक अधिकारी, कलेक्टोरेट पहुंचा नक्सली

दंतेवाड़ा: नक्सलियों ने अपना निशाना अब कलेक्टर, एसपी को भी बना लिया है। प्रशासनिक अफसरों SDM, SP, कलेक्टर को नक्सलियों ने अपना निशाना बना लिया है। सभी अफसरों की रेकी करने के लिए दंतेवाड़ा कलेक्टोरेट तक एक नक्सली पहुंचा था।
दरअसल, 5 लाख का इनामी नक्सली बुधरा टेटम के सरपंच के साथ कलेक्टोरेट पहुंचा था। इस बात की जानकारी दंतेवाड़ा पुलिस को मिली थी। जिसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई और डीआरजी जवानों ने कलेक्टोरेट को घेर कर टेटम सरपंच को कब्जे में ले लिया। सरपंच से पूछताछ हुई तो उसने कई चौंकाने वाले खुलास किए जिसे सुनकर पुलिस हक्काबक्का रह गई।
पूछताछ में पूलिस को सरपंच ने बताया कि कलेक्टर, एसडीएम सहित अन्य अफ़सर नक्सलियों के निशाने पर हैं। इसके अलावा भी कई सारे खुलासे हुए हैं। इस खबर को सुनने के बाद पुलिस ने कलेक्टोरेट के बाहर कड़ी सुरक्षा कर दी है।
पहले भी नक्सलियों ने की थी पुलिस की गाड़ी को ब्लास्ट करने की कोशिश
इससे 10 महीने पहले भी नक्सलियों ने कलेक्टर टोपेश्वर वर्मा और एसपी डॉ अभिषेक पल्लव की वाहन को पोटाली में ब्लास्ट में उड़ाने की साजिश रची थी। इसके बाद पुलिस अलर्ट हुई थी और साजिश रचने वाले नक्सली को गिरफ्तार किया था। इसी समय पुलिस लाइन कारली में भी बड़े हमले की योजना नक्सली बना रहे थे।