Advertisment

विधान परिषद चुनाव में पहले दिन एक भी उम्‍मीदवार ने नहीं भरा पर्चा

author-image
Bhasha
देश में रविवार तक कुल 2,24,301 लाभार्थियों को कोविड-19 का टीका लगाया गया: सरकार

लखनऊ, 11 जनवरी (भाषा) उत्‍तर प्रदेश विधान परिषद की 12 सीटों के चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई लेकिन पहले दिन एक भी उम्‍मीदवार ने पर्चा नहीं भरा।

Advertisment

निर्वाचन कार्यालय से सोमवार शाम को जारी सूचना के अनुसार पहले दिन 12 सीटों पर एक भी उम्‍मीदवार ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।

अभी तक प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने उम्‍मीदवारों के नाम भी घोषित नहीं किये हैं।

विधानसभा सदस्‍यों के मत से होने वाला यह चुनाव संख्‍या बल के आधार पर सत्‍ताधारी भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में एकतरफा दिख रहा है।

Advertisment

विशेषज्ञों के मुताबिक भाजपा इस चुनाव में नौ से दस सीट जीत सकती है जबकि मुख्‍य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी अपने दम पर एक सीट जीत सकती है लेकिन अन्‍य किसी भी दल के पास एक भी सीट जीतने के लिए पर्याप्‍त संख्‍या नहीं है।

गौरतलब है कि उत्‍तर प्रदेश की 403 सदस्‍यों वाली विधान सभा में मौजूदा समय में 402 सदस्‍य हैं जिनमें भारतीय जनता पार्टी के 310, समाजवादी पार्टी के 49, बहुजन समाज पार्टी के 18, अपना दल (सोनेलाल) के नौ, भारतीय राष्‍ट्रीय कांग्रेस के सात, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के चार, निर्दलीय तीन, राष्‍ट्रीय लोकदल के एक, निर्बल इंडियन शोषित हमारा अपना दल (निषाद) के एक सदस्‍य हैं।भाजपा के साथ अपना दल (सोनेलाल) का गठबंधन है।

भारतीय जनता पार्टी की चुनाव समिति ने चार जनवरी को मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ और प्रदेश भाजपा अध्‍यक्ष स्‍वतंत्र देव सिंह समेत कई प्रमुख नेताओं की उपस्थिति में एक बैठक आयोजित कर संभावित उम्‍मीदवारों के नाम पर मंथन किया, लेकिन अभी तक उम्‍मीदवारों की घोषणा नहीं हो सकी है।

Advertisment

इस संदर्भ में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्‍ता हरिश्‍वंद्र श्रीवास्‍तव ने 'भाषा' को बताया, '' पार्टी नेतृत्‍व कार्यकर्ताओं में जिनकी पात्रता को सही समझता है, उसके नाम पर विचार करता है। पार्टी में उम्‍मीदवार तय करने की एक प्रक्रिया है और उसके तहत जल्‍द ही नाम घोषित हो जाएंगे।''

समाजवादी पार्टी के मुख्‍य प्रवक्‍ता राजेंद्र चौधरी ने ‘भाषा’ को बताया, ''उम्‍मीदवार का नाम सपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव एक-दो दिन में तय करेंगे। पार्टी एक सीट पर लड़ेगी या दो सीट पर लड़ेगी यह भी राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष तय करेंगे।''

बहुजन समाज पार्टी के नेताओं का कहना है, ''बहन जी (मायावती) ही इस मामले में फैसला करेंगी।''

Advertisment

उत्‍तर प्रदेश कांग्रेस के अध्‍यक्ष अजय कुमार लल्‍लू ने कहा '' कांग्रेस इस चुनाव में कोई उम्‍मीदवार नहीं उतारेगी।''

भाषा सं आनन्‍द अर्पणा

अर्पणा

Advertisment
चैनल से जुड़ें