नए साल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को मिलेगा ‘न्यू ईयर गिफ्ट’, जनवरी के पहेल हफ्ते में जारी होगी निगम मंडलों की सूची
रायपुर: छत्तीसगढ़ में निगम मंडल की सूची का इंतजार कर रहे लोगों को फिलहाल और इंतजार करना होगा। क्योंकि सूची को लेकर एक्सरसाइज अभी खत्म नहीं हुई है, अब खबर है कि, निगम मंडल की सूची मकर संक्रांति के बाद ही आएगी। बता दें कि निगम मंडल की पहली सूची आने के बाद 5 महीने बीत चुके हैं। दूसरी सूची को लेकर कई बैठकें भी हो चुकी हैं, लेकिन अब तक सहमति नहीं बनने की वजह से सूची फिलहाल जल्द जारी होती नहीं दिखाई दे रही हैं। वहीं नए साल की शुरुआत में सीएम के दौरों की वजह से इंतजार और लंबा हो सकता है।
कृषि मंत्री रविंद्र चौबे ने इस बारे में बयान दिया है कि निगम मंडलों की सूची नए साल में जनवरी के तीसरे हफ्ते में जारी हो सकती है। उन्होंने कहा कि सीएम के दौरे के बाद निगम मंडल में नियुक्तियों को लेकर बैठक होगी और बैठक के बाद सूची जारी की जाएगी।
विधायकों को संतुष्ट करने की कोशिश
संगठन से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं की तरह नाराज चल रहे विधायकों को भी संतुष्ट करने के लिए उन्हें भी पद देकर उपकृत किया जा रहा है। वर्तमान में कांग्रेस के 70 विधायक हैं। इनमें से लगभग 50 से 55 विधायकों को मंत्री, प्राधिकरणों या अन्य पद देकर संतुष्ट किया गया है। इस बार आने वाली सूची में भी 4 से 6 विधायकों को पद दिए जाने की चर्चा है।