Assam BJP Manifesto 2021: संकल्प पत्र जारी करते समय नड्डा बोले- ‘NRC को लागू करने में रखा जाएगा ख्याल’

असम। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने असम के लिए पार्टी का घोषणापत्र जारी किया। वास्तविक भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और घुसपैठ पर अंकुश लगाने का वादा किया । इस दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि 5 साल पहले असम निष्क्रिय हो गया था और उसने अपनी समस्याओं को हल करने की क्षमता खो दी थी। सर्बानंद सोनवाल और पीएम नरेंद्र मोदी के गतिशील नेतृत्व के तहत अब यह बदल गया है। हम असम के समावेशी विकास को आगे बढ़ाने में सक्षम हैं।
Releasing BJP's "Sankalp Patra" for Assam Assembly Elections. https://t.co/JsjoRaI2kO
— Jagat Prakash Nadda (@JPNadda) March 23, 2021
संकल्प पत्र में 10 वादों को शामिल किया: नड्डा
जेपी नड्डा (JP Nadda) ने कहा, ‘पिछले 5 सालों में हमारा उद्देश्य जाति, माटी और बेटी को सशक्त करना रहा है। संस्कृति की रक्षा, असम की सुरक्षा और समृद्धि के लिए हम प्रतिबद्ध रहे हैं और इसे लेकर हम चले हैं।’ उन्होंने आगे कहा, ‘हमने विकास की गति प्राप्त की है और हम एक बड़ी छलांग लगाने के लिए तैयार हैं। इन आकांक्षाओं के साथ, हमने संकल्प पत्र में असम के लोगों के लिए 10 वादों को शामिल किया है।
1. बाढ़ की समस्या से निपटने के लिए ‘मिशन ब्रह्मपुत्र’ शुरू किया जाएगा।
2. अरुणोदय योजना- 30 लाख परिवारों को हर महीने 3 हजार रुपये की आर्थिक मदद।
3. नामघरों को ढाई लाख रुपये की आर्थिक मदद, अतिक्रमण और अवैध निर्माण को हटाया जाएगा।
4. शिक्षा: सरकारी स्कूलों में मुफ्त में शिक्षा, आठवीं के बाद छात्राओं साइकिल दी जाएगी।
5. एनआरसी लागू करने के लिए सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के पालन का वादा। घुसपैठ रोकने का भी एलान।
6. परिसीमन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
7. आत्मनिर्भर असम- प्रदेश में अलग अलग क्षेत्रों को मदद दी जाएगी और उन्हें आगे बढ़ाया जाएगा।
8. दो लाख लोगों को सरकारी नौकरी का वादा, प्राइवेट सेक्टर में आठ लाख नई नौकरियां देने का भी वादा किया गया। असम को सबसे तेज जॉब क्रिएयर राज्य बनाने का वादा।
9. स्वामी विवेकानंद के नाम योजना- युवाओं को स्टार्टअप के लिए बढ़ावा मिलेगा, इसके तहत 10 लाख से ज्यादा युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य।
10. 10वें और आखिरी संकल्प के मुताबिक असम के लोगों को मजबूत करने के इरादे से जमीन के स्वामित्व का हक देने का वादा।