भोपाल। प्रदेश में शनिवार दोपहर को राजधानी समेत अन्य क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल गया है। भोपाल में सुबह से सूरज की किरणें सीधी रहीं लेकिन दोपहर के बाद ही बादल छा गए। दोपहर में राजधानी समेत कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश भी देखने को मिल रही है। साथ ही बादलों की चमक-गरज भी रही। मौसम विभाग ने आज जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश में एक साथ कई सिस्टम एक्टिव हो गए हैं। इस कारण यहां के मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है।
बंगाल की खाड़ी के सिस्टम लागू होने के कारण मप्र समेत अन्य राज्यों में भी बारिश की स्थिति बन रही है। शुक्रवार शाम से ही प्रदेश के कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी देखने को मिल रही है। शनिवार दोपहर तक राजधानी में भी बादलों की तेज चमक-गरज के साथ बूंदे भी गिरीं। मौसम विभाग के अनुसार रीवा संभाग के उमरिया, डिंडोरी, कटनी, सिवनी, मंडला, बालाघाट, और छिंदवाड़ा में बिजली गिरने के साथ बारिश होने की संभावना है। वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि अगले 24 घंटे में कई जगह गरज चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर 30 से लेकर 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं।
बारिश की स्थिति बन रही
जानकारी के अनुसार भोपाल, छिंदवाड़ा और कटनी में कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश होती रही। वहीं, इंदौर में भी बादल छा गए हैं। निमाड़ अंचल में भी बादल छाए हुए हैं। यहां तेज आंधी के आसार बन सकते हैँ। होशंगाबाद, शहडोल और जबलपुर संभागों के अलावा दमोह, सागर, विदिशा, मंडला, खरगोन, बड़वानी, बुरहानपुर, खंडवा और रायसेन जिले में कहीं-कहीं गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है। यह स्थिति अगले दो-तीन दिन तक बनी रहेगी। मौसम वैज्ञानिक पीके साहा के मुताबिक एक साथ सारे सिस्टम एक्टिव होने से बंगाल की खाड़ी से नमी आने लगी है। इस कारण प्रदेश के कई शहरों में बारिश की स्थिति बन रही है।
शुक्रवार को भी देखने को मिली बारिश
वहीं शुक्रवार की बात करें तो रीवा संभाग के कुछ जिलों में बारिश देखने को मिली है। हालांकि प्रदेश के ज्यादातर जिलों का मौसम शुष्क रहा है। ज्यादातर क्षेत्रों के तापमान में शुक्रवार को ज्यादा परिवर्तन देखने को नहीं मिला है। वहीं मौसम के करवट बदलने के कारण किसानों की चिंता बढ़ गई है। किसानों की गेंहूं की फसल खेतों में डली है। ऐसे में बारिश की संभावना के चलते फसल में नुकसान होने की आशंका से किसानों की नींद उड़ी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार जम्मू-कश्मीर और हिमाचल के बीच में ऊपर वेस्टर्न डिस्टरबेंस बना हुआ है। इस कारण दक्षिण पश्चिम राजस्थान और पश्चिमी उप्र दोनों जगहों पर 0.9 किमी ऊपर हवाओं का चक्रवात बन गया है।
राजधानी में गिरी बूंदें
इसके प्रभाव से राजधानी भोपाल सहित अन्य क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, मंडला, सतना, शहडोल, सिवनी, छिंदवाड़ा में हल्की बारिश की भी संभावना मौसम विभाग द्वारा जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी पीके साहा के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर भारत से आगे की तरफ बढ़ गया है। इसके प्रभाव से पंजाब और आस-पास के क्षेत्रों के ऊपर हवा का चक्रबात बन गया है। इन सिस्टमों के कारण हवा का रुख पश्चिमी और दक्षिण पश्चिमी हो गया है।
गर्मी से राहत रहने की संभावना
वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया, 13 और 14 को फिर से इसी तरह एक स्केल आ सकता है। यह भोपाल में भी आएगा। यह इंदौर, होशंगाबाद में शिफ्ट करेगा। यह जबलपुर में भी कुछ प्रभाव रहेगा। इंदौर और होशंगाबाद में ज्यादा प्रभाव रहेगा। तीन चार दिन गर्मी से राहत रहने की संभावना है।