MP Politics: भाजपा-कांग्रेस में फिर छिड़ा वाक युद्ध, दिग्विजय बोले- सद्बुद्धि के लिए करूंगा रामधुन का जाप

भोपाल। मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक रामेश्वर शर्मा के कांग्रेसियों के घुटने तोड़ने संबंधी कथित बयान पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि वह भाजपा विधायक शर्मा के घर जाएंगे और उनकी सद्बुद्धि के लिए भगवान राम का नाम जपेंगे। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने शनिवार को शर्मा का वीडियो साझा करते हुए ट्वीट किया कि मैं कांग्रेसी हूं, जिसमें ताकत हो तो मेरे घुटने तोड़ दे। मैं गांधीवादी हूं। हिंसा का जवाब अहिंसा से दूंगा। 24 नवंबर को मैं महात्मा गांधी की मूर्ति से रामेश्वर शर्मा के घर जाऊंगा। उनके घर जाकर प्रभु से उन्हें सद्बुद्धि देने के लिए एक घंटे तक रामधुन का जाप करुंगा। कथित वीडियो में शर्मा कहते सुनाई दे रहे हैं कि दिग्विजय सिंह यहां आए, कुछ करके गए? कांग्रेस का आदमी इधर आया तो घुटने तोड़ दो। भोपाल की हुजूर विधानसभा सीट से विधायक शर्मा से जब इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया लेने का प्रयास किया गया तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनके करीबी सूत्रों ने कहा कि वह जिले के कालखेड़ा गांव में बोल रहे थे। उन्होंने दावा किया कि शर्मा गांव में सरकारी जमीन पर एक स्थानीय कांग्रेस नेता द्वारा किए गए अवैध निर्माण की बात कर रहे थे।
पूर्व मुख्यमंत्री श्री @digvijaya_28 जी का एलान 24 नवंबर को कांग्रेसियों के घुटने तोड़ने के लिए जनता को भड़काने वाले भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा के घर के सामने प्रभु से उन्हें सद्बुद्धि देने के लिए एक घण्टे राम धुन करेंगे। #मैं_कांग्रेसी_हूँ#मैं_गांधीवादी_हूँ pic.twitter.com/wVVhOJtvMT
— Yogendra Singh Parihar (@Yogendra_INC) November 20, 2021
आदरणीय दिग्विजय सिंह जी,
मैं तो धन्य हो गया की मेरी वजह से आप प्रभु श्रीराम का भजन करेंगे, 24 की श्रीराम धुन इतिहास के पन्नो में दर्ज होगी, मैं आपको श्रीरामचरित मानस भेंट करूँगा ।
स्वल्पाहार के लिए आपके साथ आने वाले श्रीराम भक्तों की संख्या एवं समय बताने का कष्ट करें ।
— Rameshwar Sharma (@rameshwar4111) November 20, 2021