MP Mahila Help Desk : महिला अपराधों की रोकथाम के लिये 700 थानों में की जाएगी ऊर्जा महिला हेल्पलाइन डेस्क की स्थापना

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार MP Mahila Help Desk महिला अपराधों की प्रभावी रोकथाम के लिये म.प्र. पुलिस द्वारा केन्द्र सरकार के आर्थिक एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से प्रदेश के समस्त जिलों के 700 थानों में ‘ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क” स्थापित की जा रही है। आज शाम 4.30 बजे ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क का ऑनलाइन शुभारंभ किया जाएगा।
बताया जा रहा है कि महिलाओं के प्रति हो रही हिंसा के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के लिये मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा महिला डेस्क को पुलिस द्वारा की जाने वाली समस्त प्रकार की प्राथमिक कार्रवाई सहित एक आदर्श मानकीकृत प्रक्रिया (SOP) उपलब्ध करायी जा रही है, जिसका उद्देश्य पीड़ित महिला की सहानुभूतिपूर्वक सुनवाई करना, उचित वातावरण उपलब्ध कराना, कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देना तथा अन्य स्वयंसेवी समूह से यथोचित सहायता उपलब्ध कराना है।
थानों का चयन किया गया
महिला डेस्क को मुख्य रूप से महिला, बच्चे एवं बुजुर्गों को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई करने के लिये निर्देशित किया गया है। महिला डेस्क खोले जाने के पूर्व ही इसके लिये आधारभूत तैयारी कर ली गयी है। इसमें उन थानों का चयन किया गया है, जहां अन्य थानों की तुलना में महिला अपराध अधिक हैं।
प्रसाधन कक्ष की व्यवस्था भी होगी
महिला डेस्क के लिये पृथक कक्ष, महिला अधिकारी की पद-स्थापना एवं प्रसाधन कक्ष की व्यवस्था भी होगी। प्रत्येक जिले में महिला डेस्क के नोडल अधिकारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक/उप पुलिस अधीक्षक स्तर के होंगे तथा थाना प्रभारी के नियंत्रण एवं निर्देशन में ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क का संचालन महिला उप निरीक्षक/सहायक उप निरीक्षक द्वारा किया जायेगा।
पुलिस अधिकारी भी शामिल होंगे
ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क” के ऑनलाइन शुभारंभ अवसर पर गृह विभाग, महिला-बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, सामान्य प्रशासन, अनुसूचित-जाति एवं जनजाति विभाग, सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग और सहकारिता एवं श्रम विभाग के प्रमुख सचिव/अपर प्रमुख सचिव स्तर के अधिकारी ऑनलाइन सम्मिलित होंगे। एनआईसी के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारी एवं जोनल, जिला एवं थाना स्तर तक के पुलिस अधिकारी भी शामिल होंगे।
डेस्क का उद्घाटन करेंगे
भोपाल के कुल 40 थानों में ये ऊर्जा हेल्प डेस्क खोले जा रहे हैं. आज 31 मार्च को शाम 4:30 बजे ऑनलाइन वीडियो कॉफ्रेंस के जरिए एनआईसी सेंटर कलेक्टर कार्यालय में डीआईजी भोपाल शहर इरशाद वली इस डेस्क का उद्घाटन करेंगे.
सभी थानों में हेल्प सेंटर
पुलिस मुख्यालय की महिला अपराध शाखा ने इन सभी थानों में ऊर्जा हेल्प डेस्क का सेंटर बनाया गया है। इनके संचालकों को वेबीनार के ज़रिए ट्रेनिंग दी गई साथ ही सर्कुलर और किताबें बांटी गई। यह ऊर्जा महिला हेल्प डेस्क पुलिस, विधिक सेवा प्राधिकरण, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, विधि, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, श्रम, अनुसूचित जाति जनजाति और गैर सरकारी संगठन के साथ मिलकर काम करेगा।