/bansal-news/media/post_attachments/wp-content/uploads/2024/06/weather.jpeg)
नई दिल्ली। (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाये रहने और गरज के साथ बारिश होने का अनुमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने इस बारे में बताया। दिल्ली में न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। राष्ट्रीय राजधानी में दक्षिण पश्चिम मानसून की प्रगति धीमी बनी हुई है जिससे दिल्ली एक और दिन बारिश से महरूम रही।
मौसम विभाग ने रविवार को बताया था कि दक्षिण पश्चिम मानसून में अनुकूल परिस्थिति नहीं रहने के कारण राजस्थान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और दिल्ली के कुछ हिस्सों में इसकी प्रगति धीमी रहने की संभावना है। विभाग ने बताया कि 26 जून और 30 जून के बीच इसके धीरे-धीरे जोर पकड़ने की संभावना है और फिर उसी दौरान इसके उत्तर पश्चिम भारत के अधिकतर हिस्सों की ओर बढ़ने की संभावना है। सोमवार को सुबह हवा में नमी का स्तर 78 प्रतिशत था।
उत्तराखंड में मानसून की जबरदस्त बारिश (Heavy Rain) हो रही है। जिससे नदियां उफान पर होने के साथ कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लोगों को मानसून (Monsoon) के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना होगा। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कुछ हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून की प्रगति धीमी रहने की संभावना है।
अगले 24 घंटों के दौरान इन राज्यों में बारिश की संभावना
अगले 24 घंटों के दौरान, पूर्वी भारत के साथ-साथ भारत के पश्चिमी तटों पर जारी मानसून की गतिविधियों में कुछ कमी आने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, बिहार और गुजरात क्षेत्र में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। लक्षद्वीप, केरल, तटीय कर्नाटक, कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों, ओडिशा, छत्तीसगढ़ पूर्व एमपी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह और दक्षिणपूर्व राजस्थान में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। पश्चिमी हिमालय, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, तमिलनाडु, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश और आंतरिक कर्नाटक के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बारिश संभव है।
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us