Damoh Upchunav 2021: मंत्री भार्गव ने खुद को और मलैया को बताया “जय-वीरू” की जोड़ी, कभी अमर-अकबर और एंथॉनी के नाम से थे फेमस…

दमोह। प्रदेश के दमोह विधानसभा सीट पर 17 अप्रैल को उपचुनाव होने है। इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है। भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियां चुनाव प्रचार में जुटीं हैं। जहां भाजपा ने यहां दो मंत्रियों को चुनाव का प्रभार दिया है। तो वहीं कांग्रेस ने भी दर्जनों विधायकों की ताकत इस सीट को जिताने में झोंक दी है। अब सीएम शिवराज के मंत्री गोपाल भार्गव ने जयंत मलैया और खुद को शोले फिल्म की जय-वीरू की जोड़ी बताया है। भार्गव ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में कहा कि राहुल लोधी को जिताने के लिए जरूरत पड़ी तो जय वीरू की जोड़ी भी बन जाएंगे। इस बात पर वहीं बैठे जयंत मलैया ने भी मुस्कुरा कर हां में सिर हिलाया।
2008 में बनाई थी अमर-अकबर और एंथॉनी की जोड़ी
बता दें कि यह पहली बार नहीं है जब गोपाल भार्गव ने मलैया के साथ जोड़ी बनाई है। इससे पहले जब साल 2008 में गोपाल भार्गव, जयंत मलैया और डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया एक साथ चुनाव जीते थे तो तीनों को मंत्री बनाया गया था। इसके बाद भार्गव ने तीनों की जोड़ी को अमर अकबर और एंथॉनी की जोड़ी बताया था। तीनों ने जयंत मलैया को अकबर, भार्गव को अमर और डॉ कुसमरिया को एंथॉनी बताकर कहा था कि अब यह जोड़ी मिलकर खूब काम करेगी। हालांकि यह जोड़ी बाद में टूट गई। साल 2018 के विधानसभा चुनावों में टिकट न मिलने पर एंथॉनी यानी डॉ कुसमरिया ने वगावत कर ली और निर्दलीय चुनाव लड़ा। इसके बाद कांग्रेस में चले गए। हालांकि अब कुसमरिया भी भाजपा में वापस लौट आए हैं।
मलैया पहली बार पहुंचे भाजपा कार्यालय
जयंत मलैया भी उपचुनाव की तैयारियों के दौरान पहली बार भाजपा कार्यालय पहुंचे। मलैया ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मलैया ने कहा कि किन परिस्थितियों में क्या हुआ यह भूलकर हमें राहुल को चुनाव जिताना है। राहुल को चुनाव जिताना हमारा कर्तव्य है। मलैया ने कहा कि अभी कुछ भी अफवाहें फैलाई जा सकती हैं। लेकिन मैं 41 साल से भाजपा में हूं। मैंने या फिर मेरे परिवार ने कभी भी पार्टी के घोषित प्रत्याशी के खिलाफ काम नहीं किया। बता दें कि दमोह सीट पर 17 अप्रैल को दमोह विधानसभा सीट पर उपचुनाव होंगे और 2 मई को मतों की गणना होगी।