/bansal-news/media/media_files/2026/02/09/shahdol-collector-kedar-singh-lathi-charge-congress-leaders-cm-mohan-yadav-visit-hindi-news-zvj-2026-02-09-02-16-44.jpg)
Shahdol Collector Lathi Charge Congress: मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रवास के दौरान जमकर हंगामा हुआ। विकास कार्यों के लोकार्पण के बीच उस वक्त स्थिति तनावपूर्ण हो गई जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाए। इस दौरान बढ़ते विरोध प्रदर्शन को कंट्रोल करने खुद कलेक्टर डॉ. केदार सिंह मैदान में उतरे और कार्यकर्ताओं पर लाठियां भांजना शुरू कर दिया। इस झड़प में यूथ कांग्रेस अध्यक्ष शेख साजिद सहित कई नेता घायल हुए हैं। पुलिस ने 37 कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। इस प्रशासनिक सख्ती के बाद विंध्य अंचल की सियासत गरमा गई है। कांग्रेस ने इसे लोकतंत्र की हत्या बताते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
शहडोल में कांग्रेस का हल्लाबोल
दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को शहडोल जिले के धनपुरी पहुंचे थे, जहाँ उन्हें करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन करना था, लेकिन इस सरकारी कार्यक्रम से पहले कांग्रेस ने विरोध की तैयारी कर रखी थी, इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के काफिले का घेराव कर काले झंडे दिखाने का प्रयास किया।
कलेक्टर ने प्रदर्शनकारियों पर भांजी लाठियां
घटना बुढार थाना क्षेत्र की है, जहाँ प्रदर्शन उग्र होते देख कलेक्टर डॉ. केदार सिंह स्वयं अपने वाहन से उतरे और लाठी लेकर काले झंडे दिखाने वाले कांग्रेसियों को खदेड़ने लगे। इस दौरान हुई अफरा-तफरी और झड़प में यूथ कांग्रेस जयसिंहनगर के विधानसभा अध्यक्ष शेख साजिद कई नेताओं को गंभीर चोटें आई हैं।
प्रशासनिक सख्ती पर भड़के कांग्रेस नेता
कांग्रेस जिला अध्यक्ष अजय अवस्थी ने इस कृत्य की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि कलेक्टर का यह व्यवहार किसी प्रशासनिक अधिकारी जैसा नहीं, बल्कि एक दमनकारी शासक जैसा है। कांग्रेस का आरोप है कि पुलिस और प्रशासन मिलकर विपक्ष की आवाज को दबाने का काम कर रहे हैं।
कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि वह इस दमनकारी नीति के आगे झुकेगी नहीं और जल्द ही इस कृत्य के विरुद्ध सड़कों पर उतरकर बड़ा प्रदर्शन करेगी। कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अंकित सिंह बघेल ने कलेक्टर पर सीधा प्रहार करते हुए कहा कि लाठी के दम पर जनता का विश्वास नहीं जीता जा सकता।
पुलिस हिरासत में लिए गए 37 नेता
प्रशासन मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुबह से ही अलर्ट पर था। जैसे ही विरोध प्रदर्शन शुरू हुआ, पुलिस ने कुल 37 कांग्रेसी नेताओं को हिरासत में ले लिया। इनमें से अधिकांश को शाम तक जमानत मिल गई, लेकिन शेख साजिद सहित तीन नेता अभी भी पुलिस की गिरफ्त में हैं। वहीं मुख्यमंत्री के काफिले को काले झंडे दिखाने और विरोध प्रदर्शन करने के कारण कलेक्टर ने सख्त कदम उठाना पड़ा।
CM ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण
विरोध के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विकास की रफ्तार को थमने नहीं दिया। उन्होंने धनपुरी नगर में 20 करोड़ रुपये की लागत से बने अत्याधुनिक वाटर पार्क का लोकार्पण किया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जिले को कुल 767 करोड़ रुपये के 142 विकास कार्यों की सौगात दी। इसमें मेडिकल कॉलेज में पीजी कक्षाओं की शुरुआत, नई सिंचाई परियोजनाएं और सड़कों का जाल बिछाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं।
Shahdol Collector Dr. Kedar Singh, Shahdol Collector Lathi Charge, CM Mohan Yadav Shahdol Visit, Congress Black Flag Protest, Shahdol news, MP News, Shahdol Congress Protest, Congress Lathi Charge, MP Congress
/bansal-news/media/agency_attachments/2025/12/01/2025-12-01t081847077z-new-bansal-logo-2025-12-01-13-48-47.png)
Follow Us