मनीष यादव इंदौर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के नए अध्यक्ष: देर रात आए परिणाम, अभिषेक तुगनावत उपाध्यक्ष और मनीष गडकर सचिव बने

सीनियर एडवोकेट मनीष यादव इंदौर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए। बुधवार, 28 जनवरी की रात बार एसोसिएशन चुनाव के परिणाम घोषित हुए।

Indore HC Bar Association Election

Indore HC Bar Association Election: सीनियर एडवोकेट मनीष यादव इंदौर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के नए अध्यक्ष निर्वाचित हुए। बुधवार, 28 जनवरी की रात बार एसोसिएशन चुनाव के परिणाम घोषित हुए। जिसमें अभिषेक तुगनावत उपाध्यक्ष, मनीष गडकर सचिव और अमित राज सह सचिव बने।

ये बने एक्जीक्यूटिव मेंबर

एक्जीक्यूटिव मेंबर के रूप में राहुल पांचाल, तेजस जैन, राशमेंद्र सूर्यवंशी, अमन मालवीय और अर्निक जैन निर्वाचित हुए हैं।

शुरुआती राउंड में अध्यक्ष पद के प्रत्याशी गौरव श्रीवास्तव को बढ़त मिली थी। जबकि अगले चार से पांच राउंड में दोनों के बीच बराबरी की टक्कर रही। वोटों की गिनती में कभी गौरव तो कभी मनीष आगे-पीछे होते रहे। 17वें राउंड के बाद मनीष यादव काफी बढ़त मिल गई थी और फिर मनीष 20वें राउंड तक बढ़त बनाए रहे। अंत में वे 20 वोट से विजयी बने। उन्हें 512 वोट मिले, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी गौरव श्रीवास्तव को 492 वोट मिले। जबकि अध्यक्ष पद के तीन अन्य दावेदारों जीपी सिंह को 406, मनीष जैन को 282 और पवन जोशी के पक्ष में 95 वोट आए।

उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक की एकतरफा जीत

उपाध्यक्ष पद पर अभिषेक तुगनावत की जीत शुरू से ही साफ दिखाई दे रही थी। उन्होंने 858 मत हासिल किए और बड़े अंतर से चुनाव जीता। एक तरह से अभिषेक ने रिकॉर्ड 547 मतों से विजय हासिल की। उनकी निकट प्रतिद्वंदी अपूर्वा शुक्ला को 311 वोट मिले। इस पद के अन्य उम्मीदवार- धर्मेंद्र साहू को 232, मधुसूदन यादव को 216 और भावना साहू को 162 मत मिले।

सचिव पद पर गडकर की 70 वोट से जीत

सचिव पद पर तीनों प्रत्याशियों के बीच कड़ा संघर्ष रहा। शुरुआती राउंड में बढ़त बदलती रही, लेकिन अंत में मनीष गडकर ने 652 मत हासिल कर जीत हासिल की। दूसरे स्थान पर गोविंद राय को 582 और निलेश मनोरे को 533 वोट मिले।

Indore HC Bar Association Election (2)
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने भी बार एसोसिएशन ने भी मतदान किया।

सह सचिव पद पर रिकॉर्ड बढ़त

सह सचिव पद पर अमित राज ने सबसे बड़ी जीत दर्ज की। अमित को 1027 वोट मिले और रिकॉर्ड बढ़त के साथ विजय हासिल की। उनके प्रतिद्वंदी ज्ञानेंद्र शर्मा को 739 मत मिले।

परिणाम आते ही जश्न

परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने एक-दूसरे को बधाई दी। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने कहा कि वे अधिवक्ताओं की समस्याओं, सुविधाओं और हाईकोर्ट परिसर से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता से उठाएंगे।

फाइनल परिणाम

अध्यक्ष पद

  • मनीष यादव – 512 मत (विजयी)

  • गौरव श्रीवास्तव – 492 मत

  • जीपी सिंह – 406 मत

  • मनीष जैन – 282 मत

  • पवन जोशी – 95 मत

उपाध्यक्ष पद

  • अभिषेक तुगनावत – 858 मत (विजयी)

  • अपूर्वा शुक्ला – 311 मत

  • धर्मेंद्र साहू – 232 मत

  • मधुसूदन यादव – 216 मत

  • भावना साहू – 162 मत

सचिव पद

  • मनीष गडकर – 652 मत (विजयी)

  • गोविंद राय – 582 मत

  • निलेश मनोरे – 533 मत

सह सचिव पद

  • अमित राज – 1027 मत (विजयी)

  • ज्ञानेंद्र शर्मा – 739 मत

चुनाव में 1914 वोट पड़े

मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज द्विवेदी एवं मीडिया प्रभारी अजय मिश्रा के अनुसार हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में शाम 6 बजे तक मतदान हुआ। इसके बाद शाम 7 बजे से काउंटिंग शुरू हुई जो रात 1 बजे तक चली। इसके बाद परिणाम घोषित किए गए। इस चुनाव में कुल 23 प्रत्याशी मैदान में थे। 2632 वोटर्स में से 1914 मतदाताओं ने वोट डाले।

ये भी पढ़ें:  एमपी में कोहरा: नए सिस्टम से फिर बिगड़े मौसम के हालात, दो दिन तेज बारिश का अलर्ट, भोपाल में बादलों का डेरा

यह भी पढ़ें
Here are a few more articles:
Read the Next Article